Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

खादी महोत्सव में ग्रामीणों को मिली स्वरोजगार की मशीनें, योगी सरकार की योजना से आत्मनिर्भर बनने की राह आसान

योगी सरकार की स्वरोजगार योजनाएं ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे रही हैं। सरकारी सहायता से अब जरूरतमंद लोग नौकरी या मजदूरी पर निर्भर रहने के बजाय खुद का व्यवसाय शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। इसकी झलक गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 10 दिवसीय राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 में देखने को मिली।

शुक्रवार को खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की निःशुल्क टूल किट वितरण योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को दोना-पत्तल बनाने की मशीन और अन्य उपकरण दिए गए। स्वरोजगार के लिए जरूरी मशीनें और किट पाकर लाभार्थियों ने खुशी जताई। उनका कहना था कि सरकार की इस पहल से उन्हें अपना काम शुरू करने का मौका मिला है।

खेती से आगे बढ़कर दोना-पत्तल का कारोबार करेंगे मोहित

लखनऊ के माल क्षेत्र के रहने वाले मोहित को दोना-पत्तल बनाने की मशीन मिली है। अब तक वह खेती-किसानी के जरिए परिवार की जरूरतें पूरी कर रहे थे। मोहित ने बताया कि एक महिला अधिकारी से उन्हें निःशुल्क टूल किट योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया।

स्नातक तक पढ़ाई कर चुके मोहित अब मशीन की मदद से दोना-पत्तल का व्यवसाय शुरू करेंगे। उनका लक्ष्य कारोबार को धीरे-धीरे आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ग्रामीण युवाओं को भी स्वरोजगार के अवसर देकर आगे बढ़ने में मदद कर रही है।

अंजलि का अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना होगा पूरा

बीकेटी की रहने वाली अंजलि गौतम को भी दोना-पत्तल बनाने की मशीन मिली है। वह लंबे समय से अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती थीं, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण ऐसा नहीं कर पा रही थीं।

अब सरकारी योजना के तहत मशीन मिलने से उनके लिए कारोबार शुरू करने का रास्ता खुल गया है। अंजलि ने इस मदद के लिए योगी सरकार का आभार जताया।

पॉपकॉर्न मशीन से परिवार की आमदनी बढ़ाएंगे गुलशन और लक्ष्मी

नगराम निवासी गुलशन कुमार को पॉपकॉर्न बनाने की मशीन मिली है। वह अब तक दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का खर्च उठाते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनकी पढ़ाई हाईस्कूल तक ही हो सकी।

मशीन मिलने के बाद गुलशन अपना व्यवसाय शुरू करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि कारोबार से होने वाली कमाई से परिवार की जरूरतें पूरी होंगी और उनकी दोनों बेटियों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।

वहीं, बीकेटी की लक्ष्मी को भी पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन दी गई है। अब वह मजदूरी के बजाय खुद का काम शुरू करना चाहती हैं। इससे परिवार की आय बढ़ाने और आर्थिक स्थिति सुधारने में उन्हें मदद मिलेगी।

हनी बॉक्स किट से गांव में शुरू होगा मधुमक्खी पालन

गोसाईंगंज के शुभम और प्रिंस को मधुमक्खी पालन के लिए हनी बॉक्स टूल किट का प्रमाणपत्र मिला है। शुभम ने बताया कि उन्हें जल्द ही किट उपलब्ध कराई जाएगी। अब तक बेरोजगार रहने के बाद उन्हें मधुमक्खी पालन के माध्यम से आजीविका शुरू करने की उम्मीद है।

प्रिंस ने बताया कि गांव में मधुमक्खी पालन करने वाले लोगों से उन्हें योजना के बारे में पता चला था। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया। उनका कहना है कि सरकार की यह पहल युवाओं को गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में मददगार साबित होगी।

योगी सरकार की निःशुल्क टूल किट वितरण योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के लाभार्थियों को काम शुरू करने के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे न केवल उनकी आय बढ़ाने की संभावना है, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।