Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

गोरखपुर में 250 करोड़ रुपये से बनेगा फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट, 500 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

उत्तर प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र को उद्योग और रोजगार से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार की पहल रंग ला रही है। इसी कड़ी में गोरखपुर के गीडा में 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक फिश फ्लोटिंग फीड प्लांट स्थापित किया जाएगा। दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड इस संयंत्र का निर्माण करेगी।

परियोजना के पहले चरण में करीब 150 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 100 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे। गीडा के सेक्टर-27 में बनने वाली इस इकाई से 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में रविवार को गोरखपुर में इस निवेश को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया जाएगा।

मीन महोत्सव में मिले निवेश प्रस्ताव अब हो रहे साकार

मत्स्य विभाग की महानिदेशक धनलक्ष्मी के. ने बताया कि यह परियोजना फरवरी 2025 में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मीन महोत्सव के दौरान किए गए निवेश प्रयासों का परिणाम है।

महोत्सव के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में करीब 1,020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। अब इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा मत्स्य क्षेत्र के विकास और विस्तार के लिए कई अन्य निवेश प्रस्ताव भी प्रक्रिया में हैं।

आधुनिक तकनीक से बनेगा उच्च प्रोटीन वाला फिश फीड

कंपनी के प्रबंध निदेशक अडुसुमिली वेंकट सुब्रमण्यम ने बताया कि गोरखपुर में स्थापित होने वाले संयंत्र में आधुनिक तकनीक की मदद से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड तैयार किया जाएगा।

इस प्लांट से मछली के आहार की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में सुधार होगा। बेहतर फीड मिलने से मछलियों की उत्पादकता बढ़ाने और मत्स्य पालकों की आय व मुनाफे में वृद्धि करने में मदद मिलेगी। यह इकाई उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तर और पूर्वी भारत के बाजारों की जरूरतों को पूरा करेगी। साथ ही पड़ोसी देशों में उत्पादों के निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

गोरखपुर के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

फिश फीड प्लांट की स्थापना से गोरखपुर के औद्योगिक विकास को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे मत्स्य पालन से जुड़े व्यवसायों और पूरी फिशरीज वैल्यू चेन को भी लाभ मिलेगा।

परियोजना के जरिए मत्स्य आहार निर्माण, आधुनिक जलीय कृषि और संबंधित उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सहारा मिलेगा।

मत्स्य पालकों और उद्यमियों के लिए खुलेंगे नए अवसर

मत्स्य विभाग की महानिदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निवेश प्रस्तावों को वास्तविक विकास परियोजनाओं में बदलने पर जोर दे रहा है। इससे मत्स्य पालकों, उद्यमियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रोजगार व समृद्धि के नए अवसर तैयार होंगे।

इस निवेश को आगे बढ़ाने में मत्स्य मंत्री संजय निषाद और अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के प्रयासों की भी अहम भूमिका रही है। प्रदेश में लगातार निवेश प्रोत्साहन और नई परियोजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश को आधुनिक जलीय कृषि, मत्स्य आहार निर्माण और मत्स्य आधारित अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।