योगी सरकार उत्तर प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ उनके विकास पर भी जोर दे रही है। इसी दिशा में आगरा के एत्मादपुर स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ भरत बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मंदिर में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। पर्यटन विभाग ने मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय भवन बनवाने, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने, जानकारी देने वाले बोर्ड लगाने और परिसर को सुंदर बनाने का काम पूरा किया है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी अल्पसंख्यक समुदायों की आस्था, परंपराओं और धार्मिक विरासत को बराबर सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जैन समाज समेत कई अन्य समुदायों के धार्मिक स्थलों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। मौजूदा सरकार सभी समुदायों को समान महत्व देते हुए उनके तीर्थस्थलों के विकास के लिए काम कर रही है।
मंदिर परिसर में बने बहुउद्देशीय भवन का इस्तेमाल धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व को बताने के लिए सूचना पट्ट लगाए गए हैं। परिसर में हरियाली बढ़ाने और सौंदर्यीकरण के कार्य भी पूरे कराए गए हैं।
12 पर्यटन सर्किट में शामिल है जैन सर्किट
उत्तर प्रदेश में जैन धर्म से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को पर्यटन के साथ जोड़ने के लिए जैन सर्किट विकसित किया जा रहा है। पर्यटन नीति-2022 के तहत प्रदेश में तय किए गए 12 पर्यटन सर्किटों में जैन सर्किट भी शामिल है।
इस सर्किट में देवगढ़, हस्तिनापुर, वहेलना, कम्पिल, वाराणसी, फिरोजाबाद और हाथरस के जैन तीर्थस्थलों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से इन स्थलों पर पर्यटन सुविधाएं बेहतर बनाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है।
एत्मादपुर का त्रिमूर्ति जैन मंदिर भगवान ऋषभदेव यानी आदिनाथ और उनके पुत्रों भरत तथा बाहुबली से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण जैन समाज में विशेष स्थान रखता है। मंदिर में हुए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।
जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार जैन मंदिरों को आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक अनुभव देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।