Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

योगी सरकार ग्रामीण उत्पादों को दिलाएगी बड़ा बाजार, 1 दिसंबर से शुरू होगा यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026

योगी सरकार प्रदेश के किसानों, कारीगरों, महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए नई पहल कर रही है। इसी उद्देश्य से राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित बैडमिंटन अकादमी में 1 से 10 दिसंबर तक ‘यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026’ आयोजित किया जाएगा।

दस दिवसीय इस आयोजन में ग्रामीण उत्पादों, सहकारी संस्थाओं और स्थानीय उद्यमों को अपने काम और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एक्सपो के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों को शहरी उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ने और उनके लिए नए विपणन अवसर तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। यह एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को मिलेगा सीधा बाजार

सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने बताया कि एक्सपो का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले किसानों, उत्पादकों और शिल्पकारों को शहर के उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना है।

इससे उत्पादकों को अपने सामान की बिक्री और प्रचार के लिए बेहतर मंच मिलेगा। वहीं, उपभोक्ता भी स्थानीय उत्पादों को सीधे खरीद सकेंगे। एक्सपो में प्रदेश की विभिन्न सहकारी संस्थाएं अपने उत्पाद, सेवाएं और नई पहल प्रदर्शित करेंगी।

मंत्री ने कहा कि इस आयोजन से सहकारी संस्थाओं के बीच आपसी सहयोग और समन्वय बढ़ेगा। साथ ही ग्रामीण उद्यमिता, स्वरोजगार और आय बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे। इससे किसानों और सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

इफको और नैफेड समेत कई संस्थाएं होंगी शामिल

एक्सपो में इफको और नैफेड के साथ खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं ग्रामोद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं भाग लेंगी।किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, कारीगरों, महिला समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों और उपलब्धियों को लोगों के सामने रखने का मौका मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले उत्पादों की पहचान और बाजार में उनकी मांग बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ओडीओपी और ओडीओसी उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी

एक्सपो में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) योजना के उत्पादों को खास जगह दी जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक उत्पाद और स्थानीय व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही प्रदेश की पारंपरिक खानपान संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।

आयोजन में सहकारी साहित्य भी उपलब्ध रहेगा। इसमें सहकारी संस्थाओं, सहकारिता आंदोलन और सरकारी योजनाओं से संबंधित लेख व पत्रिकाएं शामिल होंगी। इसका उद्देश्य लोगों के बीच सहयोग, एकता, समानता और सामूहिक विकास की भावना को प्रोत्साहित करना है।

हस्तशिल्प और लोक कलाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

जेपीएस राठौर ने कहा कि एक्सपो प्रदेश के हस्तशिल्प और लोक कलाओं को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

स्थानीय उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। योगी सरकार सहकारिता और पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा देकर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी रहेंगी आकर्षण

यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो में उत्पादों की प्रदर्शनी और खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। हर दिन शाम छह बजे से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस आयोजन के जरिए सहकारिता और सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश के ग्रामीण उत्पादों को नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।