मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी की गंगा ज्ञान परंपरा जब तमिल की अमृत परंपरा से जुड़ती है, तो भारत की सांस्कृतिक चेतना जागृत होती है। काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति की दो प्राचीन और शाश्वत धाराएं हैं, जिन्होंने सदियों से एक-दूसरे की आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को समृद्ध किया है। तमिलनाडु में स्थित तेनकाशी, जिसे दक्षिण की काशी कहा जाता है, इस आत्मीय संबंध का प्रमाण है।
सीएम योगी ने कहा कि काशी तमिल संगमम् अब सनातन परंपरा का ऐसा उत्सव बन चुका है, जहां भाषाएं अलग हैं, लेकिन भाव एक हैं। परंपराओं में विविधता है, मगर संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का मूल उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री ने ये बातें काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में कहीं। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को काशी तमिल संगमम् 5.0 का शुभारंभ किया। उन्होंने बटन दबाकर तिरुवल्लुवर के अनुवादित ग्रंथों का डिजिटल विमोचन भी किया। इसके बाद उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम योगी ने ‘वडक्कम तमिलनाडु, वडक्कम काशी’ कहकर अतिथियों का अविनाशी काशी की धरती पर स्वागत किया।
धर्म, अर्थ और काम सनातन परंपरा के मूल आधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को तमिल की प्राचीन ज्ञान परंपरा और जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि संत तिरुवल्लुवर के छंद मानवता को जीवन का दर्शन समझाते हैं। तिरुक्कुरल के तीन खंड अरम (धर्म), पोरुल (अर्थ) और इनबम (काम) भारतीय सनातन परंपरा के मूल आधार हैं।
जन्म से सभी समान, अंतर कर्म से होता है
सीएम योगी ने कहा कि तिरुक्कुरल का पहला सूत्र ‘अ’ के माध्यम से सृष्टि के मूल स्रोत की ओर संकेत करता है। यह विचार उपनिषदों और श्रीमद्भगवद्गीता के सनातन चिंतन से जुड़ा है।
तिरुवल्लुवर का संदेश है कि जन्म से सभी मनुष्य समान हैं और उनके बीच अंतर कर्म से होता है। भारतीय शास्त्रों और श्रीमद्भगवद्गीता में भी यही विचार मिलता है। सामाजिक न्याय की स्थापना करने वाले महापुरुषों के दर्शन में भी इस समानता का भाव दिखाई देता है।
विद्यार्थियों और शिक्षकों के जरिए बढ़ेगा सांस्कृतिक जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार 1000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी तिरुक्कुरल का अध्ययन, शोध और शैक्षणिक प्रस्तुति देगा।
तमिलनाडु के करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। वहीं, तमिलनाडु से लगभग 1400 अतिथि काशी, प्रयागराज और अयोध्या के दर्शन करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से उन्हें आस्था, इतिहास और आधुनिक भारत की एक साथ झलक मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि संगम का अर्थ मिलकर एक बड़ी धारा को आगे बढ़ाना है। प्रयागराज में गंगा और यमुना के मिलन से तीर्थराज का स्वरूप बनता है। इसी तरह काशी तमिल संगमम् भी सांस्कृतिक एकता की धारा को मजबूत कर रहा है।
काशी और तमिलनाडु का सदियों पुराना ऐतिहासिक संबंध
मुख्यमंत्री ने काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि 15वीं शताब्दी में पांड्य नरेश पराक्रम पांड्य ने दक्षिण की धरती पर काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराकर काशी की आध्यात्मिक चेतना को प्रतिष्ठित किया।
महर्षि अगस्त्य ने तमिल व्याकरण के प्रथम ग्रंथ ‘अगत्तियम’ की रचना की। उनकी तपस्या की स्मृति काशी के अगस्त्य कुंड में आज भी मौजूद है। महर्षि अगस्त्य द्वारा रचित आदित्य हृदय स्तोत्र में भगवान सूर्य की स्तुति की गई है। मान्यता है कि रावण से युद्ध से पहले उन्होंने यह स्तोत्र भगवान श्रीराम को सुनाया था।
सीएम ने कहा कि आदि शंकराचार्य ने देश के चारों कोनों में चार पीठों की स्थापना कर भारत को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में बांधा। जगतगुरु रामानुजाचार्य ने दक्षिण से भक्ति की धारा को जन-जन तक पहुंचाया। 17वीं शताब्दी के संत कुमार गुरुपरर ने काशी के केदारघाट पर साधना की और कुमार स्वामी मठ की स्थापना की। उनकी परंपरा से तमिलनाडु के तिरुपनंदाल में काशी मठ स्थापित हुआ। महाकवि सुब्रह्मण्य भारती ने भी काशी में शिक्षा प्राप्त की। यहीं उनकी राष्ट्रभक्ति की भावना और प्रखर हुई।
काशी के घाटों पर आज भी जीवंत है तमिल संस्कृति
मुख्यमंत्री ने बताया कि नाट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज करीब 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ के पूजन के लिए सामग्री पहुंचा रहा है। यह समाज हर महीने प्रयागराज की त्रिवेणी का जल लेकर रामेश्वरम में अभिषेक करता है और श्रीरामनाथ स्वामी मंदिर से कोटितीर्थ का जल लाकर बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करता है। उन्होंने कहा कि काशी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट पर तमिल संस्कृति आज भी जीवंत है। इन क्षेत्रों को काशी का ‘मिनी तमिलनाडु’ भी कहा जाता है।
तमिल परंपरा से सुशोभित है भारत का राजदंड
सीएम योगी ने कहा कि नई संसद में स्थापित पवित्र सेंगोल तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में लाया गया था। यह भारत के राजदंड को तमिल परंपरा से जोड़ता है।
उन्होंने काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि मार्क ट्वेन ने काशी को इतिहास से भी पुरानी और परंपरा से भी प्राचीन नगरी बताया था। भगवान बुद्ध ने सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया, पार्श्वनाथ का जन्म हुआ, कबीर ने अपनी वाणी से समाज को दिशा दी, संत रविदास ने समरसता का संदेश दिया और तुलसीदास ने रामचरितमानस को जन-जन की भाषा में प्रस्तुत किया।
काशी को ज्ञान, अध्यात्म और संगीत की वैश्विक राजधानी बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी ऐसी नगरी है, जहां हर भाषा, पंथ और प्रदेश के लोग आते हैं। यह ज्ञान, अध्यात्म, संगीत और शास्त्रार्थ की विश्व राजधानी बन सकती थी, लेकिन स्वतंत्र भारत में लंबे समय तक इसकी उपेक्षा हुई।
उन्होंने कहा कि पहले यहां आस्था तो थी, लेकिन व्यवस्थाओं का अभाव था। भीड़ थी, मगर सुविधाएं नहीं थीं और अवसरों को आगे बढ़ाने का संकल्प कमजोर था। आज काशी में आस्था के साथ बेहतर व्यवस्था और सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
काशी विश्वनाथ धाम से बढ़ी आर्थिक गतिविधियां
सीएम योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम अब भव्य, दिव्य और सुगम स्वरूप में है। धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे। इनमें करीब 70 प्रतिशत श्रद्धालु दक्षिण भारत से आए।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। काशी में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ। पुजारी, दुकानदार, नाविक, होटल संचालक और गाइड सहित अनेक लोगों की आजीविका इससे जुड़ी है।
जहां आस्था, वहां आजीविका भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल ऐसा है, जिसमें आस्था के साथ आजीविका के अवसर भी बढ़ते हैं। काशी में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का विस्तार, रिंग रोड, फ्लाईओवर, वॉटरवे, नमो घाट, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जैसे विकास कार्य नए स्वरूप की पहचान बन चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई में केंद्र सरकार ने 25 हजार करोड़ रुपये की लागत से दो एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इनके बनने से काशी में यात्रा का समय आधे से भी कम हो जाएगा। देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना भी शहर के यातायात को नया आयाम देगी।
काशी के विकास के चार प्रमुख स्तंभ
सीएम योगी ने काशी को वैश्विक केंद्र बनाने के लिए चार प्रमुख स्तंभों की चर्चा की।
- ज्ञान: बीएचयू और आईआईटी मद्रास के बीच साझेदारी ज्ञान के क्षेत्र में सहयोग का उदाहरण है।
- अध्यात्म: काशी, प्रयागराज और अयोध्या का त्रिकोण विश्व के बड़े आध्यात्मिक सर्किट के रूप में उभर रहा है।
- कनेक्टिविटी: काशी को एयर, रोड, रेल, रोपवे और रिवर कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है।
अर्थव्यवस्था: विरासत, हॉस्पिटैलिटी और हाईटेक कनेक्टिविटी के माध्यम से काशी को पर्यटन, ज्ञान और आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र बनाया जा रहा है।
गंगा और कावेरी के तटों पर बहती है एक ही संस्कार धारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में शुरू हुआ काशी तमिल संगमम् अब एक व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन बन चुका है। हजारों विद्यार्थी और शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन याद दिलाता है कि राष्ट्र केवल नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है जो लोगों के दिलों को जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम् इसी भाव का आधार है। काशी में गंगा और तमिलनाडु में कावेरी के तट पर बहने वाली संस्कारों की धारा एक ही है। सीएम योगी ने कहा कि संगमम् के पांच संस्करण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जमीन पर उतारने का उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, योगी सरकार के मंत्री अनिल राजभर, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष प्रो. चमू कृष्ण शास्त्री, उच्च शिक्षा विभाग भारत सरकार की सचिव दीप्ति गौर मुखर्जी, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि और बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।