Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

सीएम योगी ने काशी से विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- जनता झूठे वादों का देगी जवाब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी में विपक्ष पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण को लेकर जनता को गुमराह करने वालों को प्रदेश की जनता जवाब देने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच शह-मात का खेल जारी है और इसी वजह से जल्दबाजी में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए सवाल उठाया कि जिस सरकार का बजट तीन लाख करोड़ रुपये था, वह चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाओं को पूरा करने के लिए संसाधन कहां से जुटाएगी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश उनका घर है और प्रदेश की जनता विकास तथा सुशासन के पक्ष में खड़ी है।

संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान कई मुद्दों पर अफवाहें फैलाकर जनता को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उनके मुताबिक, कुछ संगठनों और एनजीओ के माध्यम से संविधान व आरक्षण को लेकर गलत जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले दलों को जनता आगामी चुनावों में जवाब देगी। सीएम योगी ने कांग्रेस, सपा और इंडी गठबंधन पर गलतबयानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग अब ऐसे वादों पर भरोसा नहीं करेंगे।

राम मंदिर का विरोध करने वालों को रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए

अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका वहां जाना स्वागतयोग्य है, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान सपा ने इसका विरोध किया और रामभक्तों पर कार्रवाई की।

सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर आंदोलन और अयोध्या को लेकर पहले दिए गए बयानों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

बुलडोजर चलाने के लिए इच्छाशक्ति जरूरी

गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर जीत के दावे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर की स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता। इसके लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प की जरूरत होती है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में भाजपा पहले भी चुनाव जीतती रही है और आने वाले चुनावों में भी पार्टी तथा उसके सहयोगियों को प्रदेशभर में समर्थन मिलेगा।

युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं, रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल बेरोजगारी भत्ता देकर निर्भर नहीं बनाना चाहती, बल्कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना चाहती है। उनका लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है।

सीएम योगी के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने दावा किया कि सपा और बसपा की सात सरकारों के मुकाबले मौजूदा सरकार ने दोगुने से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं।

## यूपी को मिले 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। यूपी को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि इन निवेशों से 65 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित हुए हैं।

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 के बाद तेजी से आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।

पूर्वांचल और बुंदेलखंड में निवेश को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था, जमीन, कनेक्टिविटी और स्पष्ट औद्योगिक नीतियां जरूरी होती हैं। सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसी बनाई गई हैं और पूर्वांचल तथा बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे।

कट्टे-बम से आगे बढ़ा यूपी का औद्योगिक विकास

सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टे और बम बनाने की पहचान थी, लेकिन अब यहां आधुनिक हथियारों और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने बुंदेलखंड में रक्षा क्षेत्र से जुड़े औद्योगिक विकास और बीडा के माध्यम से नई औद्योगिक नगरी विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया।

यूपी का बजट पौने दस लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश का बजट लगभग तीन लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब पौने दस लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पूंजीगत व्यय दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है और शिक्षा पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किया जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़ी है। अब यूपी की पहचान माफिया के बजाय मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और अन्य विकास योजनाओं से हो रही है।

वाराणसी के बदलते स्वरूप पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, घाटों के कायाकल्प, बेहतर सड़कों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और नमो घाट का उल्लेख किया।

सीएम योगी ने कहा कि काशी आज धार्मिक, सांस्कृतिक और आधुनिक विकास का प्रमुख केंद्र बन रही है। यहां काशी तमिल संगमम जैसे आयोजन देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत कर रहे हैं।