गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति देंगे। 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह में गीडा और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश पर पांच कंपनियों के साथ एमओयू किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री 502 करोड़ रुपये की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम में औद्योगिक प्रदर्शनी सह व्यापार मेले और बायर्स-सेलर्स मीट की शुरुआत होगी, जिससे स्थानीय उद्योगों को नए बाजारों और खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
पांच कंपनियों के निवेश से औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पांच कंपनियों के साथ निवेश समझौतों का आदान-प्रदान होगा।
प्रस्तावित निवेश हरित ऊर्जा, फार्मा, धातु उद्योग, आसवनी और मत्स्य आहार उत्पादन जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। कंपनियों और परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है:
- एक्मे कंपनी: ग्रीन अमोनिया परियोजना के लिए 16,000 करोड़ रुपये का निवेश।
- सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड: दवा निर्माण इकाई के लिए 500 करोड़ रुपये।
- आर्बिट ग्रुप: आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये।
- एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज: आसवनी परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये।
- दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड: मत्स्य आहार उत्पादन परियोजना के लिए 150 करोड़ रुपये।
इन निवेश परियोजनाओं से पूर्वांचल में उद्योगों का विस्तार होने और स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
502 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं की मिलेगी सौगात
स्थापना दिवस पर गीडा और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री कुल 104 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पण होने वाले कार्यों में 126.23 करोड़ रुपये की 19 सिविल परियोजनाएं और 62.61 करोड़ रुपये की 21 विद्युत एवं अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, 272.30 करोड़ रुपये की 44 सिविल परियोजनाओं तथा 41.18 करोड़ रुपये की 20 विद्युत एवं अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इन विकास कार्यों के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कें चौड़ी करने, विद्युत व्यवस्था मजबूत बनाने और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही श्रमिकों के लिए लेबर डॉरमेट्री बनाने की योजना भी शामिल है।
पहली बार विदेश से भी गीडा पहुंचेंगे खरीदार
गीडा स्थापना दिवस के अवसर पर औद्योगिक प्रदर्शनी, व्यापार मेला और बायर्स-सेलर्स मीट आयोजित होगी। इस बार पहली बार विदेशी खरीदार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जापान, नेपाल, ऑस्ट्रिया, वियतनाम और श्रीलंका समेत कई देशों के प्रतिनिधियों के आने की संभावना है। देश के विभिन्न हिस्सों से भी कारोबारी और खरीदार पहुंचेंगे। इनमें दिल्ली, पंजाब और मुंबई के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रदर्शनी में करीब 60 स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां गारमेंट पार्क और प्लास्टिक पार्क के उत्पादों के साथ फर्नीचर, स्टार्टअप तथा ओडीओसी (एक जिला, एक व्यंजन) से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य गीडा में तैयार होने वाले उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराना और स्थानीय उद्यमियों को खरीदारों के साथ सीधे व्यापारिक संपर्क स्थापित करने का अवसर देना है।