Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

योगी सरकार की पहल से राशन वितरण व्यवस्था को मजबूती, यूपी में 8,922 अन्नपूर्णा भवन तैयार

योगी सरकार प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने और राशन वितरण को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में उचित दर की दुकानों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिए शुरू की गई अन्नपूर्णा भवन योजना तेजी से आगे बढ़ रही है।

खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक के लिए तैयार आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अब तक 8,922 अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं, 2,377 भवनों का निर्माण विभिन्न चरणों में चल रहा है। इस योजना के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ लाभार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही राशन विक्रेताओं को भी बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए बढ़ाया गया बजट

अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण वित्तीय वर्ष 2023-24 में मनरेगा और अन्य योजनाओं के माध्यम से शुरू किया गया था। निर्धारित डिजाइन के अनुसार, प्रत्येक भवन 484 वर्गफुट क्षेत्रफल में बनाया जाता है। इसमें दो बड़े कमरे और सामने बरामदा शामिल है। एक भवन के निर्माण की निर्धारित लागत 8.462 लाख रुपये है।

योजना को आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार विभागीय बजट से 200 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। इसके तहत 71 जनपदों की कार्ययोजनाओं के आधार पर 2,559 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की गई।

सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस बजट को बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये कर दिया है। बजट में यह बढ़ोतरी प्रदेश में राशन वितरण से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

तीन वित्तीय वर्षों में 8,922 भवनों का निर्माण पूरा

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण में लगातार प्रगति हुई है।

  • वित्तीय वर्ष 2023-24 में 3,808 भवन तैयार हुए।
  • वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,502 भवनों का निर्माण पूरा किया गया।
  • वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 1,612 भवन बनकर तैयार हुए।

इस तरह प्रदेश में कुल 8,922 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 2,377 भवनों पर निर्माण कार्य जारी है। सरकार का जोर योजना को जमीन पर उतारने और अधिक से अधिक क्षेत्रों में इसका लाभ पहुंचाने पर है।

निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा पर नजर

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रस्तावित समीक्षा बैठक के लिए तैयार रिपोर्ट में निर्माण कार्यों की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के विभागीय बजट से 2,561 दुकानों के लिए पहली किस्त जारी की गई थी।

इनमें से 1,612 भवन पूरे हो चुके हैं, जबकि 725 भवनों पर काम चल रहा है। 67 भवनों का निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है। निर्माणाधीन भवनों में 386 छत स्तर, 228 लिंटर स्तर और 111 नींव स्तर पर हैं। वहीं, पूर्ण भवनों में 871 का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और 741 भवन फिनिशिंग स्तर पर हैं।

विभाग ने प्रतापगढ़, वाराणसी, बिजनौर और बाराबंकी सहित उन जिलों पर विशेष निगरानी रखने की योजना बनाई है, जहां निर्माण कार्य अधिक लंबित हैं। साथ ही 67 ऐसे भवनों का काम जल्द शुरू कराने के निर्देशात्मक प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका निर्माण अभी तक शुरू नहीं हुआ है।

योगी सरकार की इस पहल से प्रदेश में राशन वितरण केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।