तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AIADMK के महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी (EPS) ने मंगलवार को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसमें महिला मुखियाओं को हर महीने ₹2000 देने का वादा किया गया है। पलानीस्वामी ने 297 वादों वाला घोषणापत्र पेश किया, जिसमें बढ़ती महंगाई और टैक्स के बोझ को कम करने के लिए हर परिवार को ₹10,000 की विशेष सहायता देने का भी ऐलान किया गया।
घोषणापत्र में कहा गया है कि स्टालिन के नेतृत्व वाली DMK सरकार के दौरान पिछले पांच वर्षों में जरूरी वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं और लोगों पर टैक्स का बोझ भी बढ़ा है। ऐसे में आम जनता को राहत देने के लिए यह आर्थिक सहायता दी जाएगी। EPS ने महिलाओं के लिए ‘कुला विलक्कु योजना’ का भी वादा किया है, जिसके तहत राशन कार्ड धारकों को हर महीने ₹2000 की सहायता सीधे परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में दी जाएगी।
इसके अलावा, AIADMK ने वादा किया है कि राशन कार्ड धारकों को चावल के साथ दाल भी दी जाएगी और उन्हें फ्रिज भी उपलब्ध कराया जाएगा। पार्टी ने महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों के लिए भी मुफ्त बस यात्रा योजना लागू करने और हर राशन कार्ड धारक को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
एनडीए के सीट बंटवारे के तहत AIADMK के नेतृत्व वाला गठबंधन 170 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगा। बीजेपी को 27, पीएमके को 18 और एएमएमके को 11 सीटें मिली हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन और AIADMK के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच माना जा रहा है। वहीं, अभिनेता से नेता बने विजय अपनी पार्टी TVK के साथ चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं।