Breaking News

तमिलनाडु चुनाव: कमल हासन DMK दफ्तर पहुंचकर सीट शेयरिंग समझौते पर कर सकते हैं हस्ताक्षर     |   मिडिल ईस्ट की स्थिति पर राष्ट्रपति ट्रंप से सार्थक बातचीत हुई: PM मोदी     |   अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी से फोन पर की बात, मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर हुई चर्चा     |   2025 में पाकिस्तान सबसे प्रदूषित देशों की लिस्ट में अव्वल     |   एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |  

Share Market: ट्रंप के बयान से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 1372 अंक चढ़ा

Share Market: स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1,372 अंक उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 400 अंक की बढ़त रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले की योजना को अस्थायी रूप से टाले जाने की घोषणा के बाद एशिया के अन्य बाजारों में तेजी के साथ घरेलू बाजार बढ़त में रहे।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,372.06 अंक यानी 1.89 प्रतिशत चढ़कर 74,068.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,793 अंक तक चढ़ गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 399.75 अंक यानी 1.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,912.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन, इटर्नल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, पावर ग्रिड और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में गिरावट आई। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा बढ़ा दी है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह ईरानी ऊर्जा स्थलों पर हमले पांच दिन के लिए टाल रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग लाभ में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में ज्यादातर नुकसान में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.96 प्रतिशत बढ़कर 101.9 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 10,414.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,033.97 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 1,836.57 अंक टूटकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ था और निफ्टी 601.85 अंक की गिरावट के साथ 22,512.65 अंक पर रहा था।