Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत 2028 तक राज्य के हर घर में नल से पीने का पानी पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 'हर घर जल' कार्यक्रम के तहत हर गांव और हर घर को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
नायडू ने कहा, "जल जीवन मिशन 2.0 के तहत, हम 2028 तक हर घर में नल से पीने का पानी उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करेंगे।" दक्षिणी राज्य और केंद्र ने जल जीवन मिशन 2.0 के समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कैंप कार्यालय से वर्चुअल रूप से भाग लिया।
नायडू के अनुसार राज्य सरकार गांवों में पानी की सप्लाई और उसके रखरखाव को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पीने के पानी की सप्लाई का काम पंचायतों को दिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण जल जीवन मिशन के लागू करने में खास दिलचस्पी ले रहे हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य गोदावरी पुष्करालु (कुंभ मेले जैसा धार्मिक आयोजन) तक पोलावरम परियोजना को पूरा करने का है। नायडू ने इस काम के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से सहयोग की अपील की।
नायडू ने जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। जल जीवन मिशन, जलशक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग का एक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य व्यक्तिगत घरेलू नल कनेक्शन के जरिये सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।