Breaking News

RSS का दिल्ली में 29 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम, मोहन भागवत भी होंगे शामिल     |   बिहार के बेतिया में हाथी दांत की बड़ी खेप बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार     |   यूपी में 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड को सातवां झटका, आकाशदीप का शिकार बने स्मिथ     |   होर्मुज में बारूदी सुरंगों की चपेट में आए दो तेल टैंकर, ईरानी नौसेना का दावा     |  

योगी सरकार का आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े पर प्रहार, पैथोलॉजी रिपोर्ट में गड़बड़ी करने वाले अस्पतालों पर होगी कार्रवाई

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों को बेहतर और पारदर्शी इलाज उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने जांच रिपोर्टों में होने वाली गड़बड़ियों पर सख्ती बढ़ा दी है। निजी पैथोलॉजी लैब और कुछ चिकित्सकों के बीच कथित मिलीभगत से रिपोर्ट में बदलाव करने और मरीजों को गैरजरूरी जांच के लिए भेजने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर योजना से जुड़े अस्पतालों के लिए पैथोलॉजी जांच के नए नियमों का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। अब किसी भी जांच रिपोर्ट को योग्य और पंजीकृत पैथोलॉजिस्ट के सत्यापन व हस्ताक्षर के बिना स्वीकार नहीं किया जाएगा। मशीन से तैयार रिपोर्ट में मैनुअल बदलाव या फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। गंभीर मामला सामने आने पर अस्पताल की आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्धता भी रद्द हो सकती है।

पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर और पंजीकरण संख्या जरूरी

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मरीजों के हितों की रक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही बढ़ाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की ओर से 10 नवंबर को जारी दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। ये नियम आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पतालों पर लागू होंगे। इस संबंध में अस्पतालों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

नए नियमों के मुताबिक, हर पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट का सत्यापन योग्य और रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट ही करेगा। संबंधित विशेषज्ञ के पास एमडी, डीएनबी या डीसीपी पैथोलॉजी अथवा संबंधित विषय में मान्य योग्यता होना आवश्यक है। रिपोर्ट पर विशेषज्ञ का नाम, शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण संख्या दर्ज करनी होगी।

पैथोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति में उनके स्कैन किए गए हस्ताक्षर या पहले से हस्ताक्षरित लेटरहेड का इस्तेमाल कर रिपोर्ट जारी नहीं की जा सकेगी। इससे रिपोर्ट की जिम्मेदारी तय करने और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित विशेषज्ञ की पहचान करने में आसानी होगी।

लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट को रिपोर्ट जारी करने की अनुमति नहीं

दिशा-निर्देशों के तहत जांच रिपोर्ट जारी करने की जिम्मेदारी भी स्पष्ट कर दी गई है। अब फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन या अन्य कर्मचारी अपने स्तर पर पैथोलॉजी रिपोर्ट जारी नहीं कर सकेंगे। जांच केवल विधिवत पंजीकृत और अधिकृत प्रयोगशालाओं में ही कराई जाएगी।

सभी रिपोर्टों का सत्यापन निर्धारित योग्यता वाले पैथोलॉजिस्ट से कराना जरूरी होगा। अस्पतालों को अपनी जांच व्यवस्था और रिपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया तय मानकों के अनुरूप रखनी होगी।

इसके अलावा, मशीन से तैयार जांच परिणामों में किसी भी तरह का मैनुअल संशोधन या छेड़छाड़ पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। इसका उद्देश्य जांच के वास्तविक नतीजों को सुरक्षित रखना और रिपोर्ट में मनमाने बदलाव की संभावना को खत्म करना है।

सैंपल से रिपोर्ट तक हर प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखना होगा

प्रत्येक मरीज के सैंपल को एक विशिष्ट पहचान संख्या देना अनिवार्य होगा। जांच रिपोर्ट में मरीज का नाम, जांच लिखने वाले चिकित्सक का नाम, सैंपल लेने का समय और सैंपल संग्रह करने वाले एजेंट या सेंटर का विवरण भी दर्ज करना होगा।

इस व्यवस्था से सैंपल लेने से लेकर जांच रिपोर्ट जारी होने तक पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर किसी भी जांच से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।

अनावश्यक जांच कराने पर भी रोक

योगी सरकार ने अस्पतालों को मरीजों की चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार ही जांच कराने के निर्देश दिए हैं। किसी मरीज को ऐसी जांच के लिए नहीं भेजा जा सकेगा, जिसकी उपचार के लिए आवश्यकता न हो।

निजी पैथोलॉजी लैब और चिकित्सकों की कथित मिलीभगत से गैरजरूरी जांच कराने की शिकायतों को देखते हुए यह नियम महत्वपूर्ण है। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक और चिकित्सकीय बोझ कम करने के साथ ही आयुष्मान योजना के संसाधनों का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सकेगा।

फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने पर अस्पतालों की सूचीबद्धता होगी समाप्त

यदि किसी अस्पताल में जांच रिपोर्टों के साथ छेड़छाड़, अप्रमाणित या अनधिकृत लैब का इस्तेमाल, फर्जी रिपोर्ट तैयार करने या संशोधित रिपोर्ट अपलोड करने जैसी अनियमितताएं सामने आती हैं, तो उसके खिलाफ आयुष्मान योजना के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गंभीर मामलों में अस्पताल की योजना के अंतर्गत सूचीबद्धता समाप्त करने का भी प्रावधान है। सरकार का उद्देश्य आयुष्मान योजना के तहत इलाज की गुणवत्ता बनाए रखना, मरीजों को अनावश्यक जांच से बचाना और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।