प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण लागू करने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनकी सरकार नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा और इसका विरोध करने वाले राजनीतिक दल इसे रोक नहीं पाएंगे।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद देश की महिलाओं का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त होने की दिशा में है।
महिला आरक्षण के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहा हूं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरकार ने देश की महिलाओं से जो वादा किया था, उसे पूरा करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में पीएम मोदी ने बताया कि महिला आरक्षण का मुद्दा वह लंबे समय से उठाते रहे हैं। देश की कई महिलाओं ने भी वर्षों से इस मांग को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें देशभर की महिलाओं का आशीर्वाद प्राप्त है और आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। महिला आरक्षण की लड़ाई मैं लंबे समय से लड़ रहा हूं। कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उठाया है। देश की सभी महिलाओं का आशीर्वाद मेरे साथ है। हम इसके रास्ते में आने वाली हर बाधा को पार करेंगे। विरोध करने वाले राजनीतिक दल महिला आरक्षण विधेयक को कभी रोक नहीं पाएंगे।”
महिलाओं की भागीदारी से नीति निर्माण होगा अधिक समावेशी: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर पोस्ट कर महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधित्व में महिलाओं की भूमिका बढ़ाना मोदी सरकार का संकल्प रहा है।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी है। इससे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू होने के करीब पहुंच गई है।
गृह मंत्री के अनुसार, राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को कम से कम एक-तिहाई प्रतिनिधित्व मिलने से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की नीतियां अधिक समावेशी बनेंगी। लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी से नीति निर्माण, कानून बनाने और राष्ट्रीय प्राथमिकताएं तय करने की प्रक्रिया को भी नया आयाम मिलेगा।
अमित शाह ने सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शासन व्यवस्था में मजबूत भागीदार बनाने के लिए सभी दलों को आगे आना चाहिए।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पेश करने की तैयारी में है। केंद्रीय कैबिनेट ने सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात के आधार पर 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इसके साथ ही संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को भी मंजूरी दी गई है। इसके जरिए लोकसभा में परिसीमन की प्रक्रिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार किया जाएगा।
परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 में महिलाओं के आरक्षण से जुड़ा विशेष प्रावधान शामिल किया गया है। विधेयक की धारा 10 के अनुसार, प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को लोकसभा में आवंटित सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की कुल संख्या भी बढ़ाई जाएगी।