Breaking News

बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी और रेखा वर्मा BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए     |   बीजेपी ने शिव प्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया     |   PM मोदी ने बीजेपी की नई टीम को बधाई दी, ‘टीम में संगठन का अनुभव, जमीनी जुड़ाव’     |   अमित मालवीय बीजेपी के आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख पद से हटाए गए     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीपक म्हस्के को पार्टी का सोशल मीडिया संयोजक बनाया     |  

KBC के हॉटसीट पर पहुंचे Commowealth Games 2026 के चैंपियन, अमिताभ बच्चन के साथ साझा किए संघर्ष के अनुभव

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी लवलीना बोरगोहेन, अस्मिता डे, झंडू कुमार और शर्मिला धनकर हाल ही में अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के हॉटसीट पर पहुंचे। शो के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी खेल यात्रा, संघर्ष और यादगार पलों के बारे में बात की। उन्होंने अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर बैठने के अनुभव को भी बेहद खास बताया।

पैरा एथलीट शर्मिला धनकर ने कहा कि एक पैरा एथलीट के तौर पर खिलाड़ी कई साल तक बिना किसी पहचान और चर्चा के कड़ी मेहनत करते हैं। इस दौरान उन्हें शारीरिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि KBC में बुलाया जाना उन संघर्षों को पूरे देश के सामने सम्मान मिलने जैसा है। अमिताभ बच्चन से बात करना उनके लिए बेहद हौसला बढ़ाने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि KBC ने देश को यह संदेश दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती।

बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने भी शो में अपने अनुभव को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि ओलंपिक बॉक्सिंग रिंग में उतरने से ज्यादा रोमांचक और दबाव वाला अनुभव कुछ नहीं हो सकता, लेकिन KBC की हॉटसीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठना भी अपने आप में एक अलग चुनौती थी। उन्होंने कहा कि रिंग में खिलाड़ी अपनी ताकत और अनुभव पर भरोसा करता है, जबकि KBC की हॉटसीट पर दिमाग की तेजी और सही जवाब देने की क्षमता की परीक्षा होती है। लवलीना ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है और KBC में साथी खिलाड़ियों के साथ सम्मान मिलना उनके लिए हमेशा खास रहेगा।

जूडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने बताया कि बचपन में वह अपने परिवार के साथ हर शाम KBC देखा करती थीं। उस समय वह सोचती थीं कि अमिताभ बच्चन के साथ एक ही मंच पर बैठना कैसा होगा। उन्होंने कहा कि आज उसी मंच पर अमिताभ बच्चन के साथ खड़ा होना उनके लिए सपने जैसा है। उन्होंने कहा कि जूडो में हर पल संतुलन, ध्यान और सालों की मेहनत की जरूरत होती है। KBC जैसे बड़े मंच पर अपने खेल और संघर्ष की कहानी बताना उनके लिए गर्व की बात है।

अस्मिता डे ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा है। वहीं लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग की 75 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। झंडू कुमार ने पुरुषों की हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत के लिए ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला मेडल जीता। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का सीजन 18 सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे Sony Entertainment Television और Sony LIV पर प्रसारित होता है।