Breaking News

बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी और रेखा वर्मा BJP राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए     |   बीजेपी ने शिव प्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया     |   PM मोदी ने बीजेपी की नई टीम को बधाई दी, ‘टीम में संगठन का अनुभव, जमीनी जुड़ाव’     |   अमित मालवीय बीजेपी के आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख पद से हटाए गए     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दीपक म्हस्के को पार्टी का सोशल मीडिया संयोजक बनाया     |  

प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली, बिहार विधानसभा में जन सुराज पार्टी के एकमात्र विधायक बने

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक पद की शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से बिहार विधानसभा में प्रवेश किया। प्रशांत किशोर फिलहाल विधानसभा में जन सुराज पार्टी के एकमात्र विधायक हैं। शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा का सदस्य बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वह उन सैकड़ों विधायकों और सदस्यों से प्रेरणा लेने का संकल्प लेकर यहां से जा रहे हैं, जिन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण साल समाज और बिहार के विकास के लिए समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास बिहार की जनता और राज्य के लिए कुछ सार्थक करने का रहेगा।

इससे पहले प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में BJP उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के अंतर से हराया था। बांकीपुर सीट को लंबे समय से BJP का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। वर्ष 1995 से यह सीट BJP के प्रभाव में रही थी। BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के विधानसभा सीट खाली करने के बाद यहां उपचुनाव हुआ था।

उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति को लेकर BJP और NDA नेतृत्व पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि बांकीपुर के नतीजे के जरिए बिहार की जनता ने BJP और NDA के नेतृत्व को साफ संदेश दिया है कि राज्य के नेतृत्व में बदलाव किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जनता ने उनके व्यवहार, छवि और चेहरे को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

प्रशांत किशोर ने कहा था कि बांकीपुर का नतीजा सरकार बदलने की मांग से ज्यादा बिहार में BJP के स्थानीय नेतृत्व को लेकर लोगों की नाराजगी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता BJP और NDA नेतृत्व से बेहतर मुख्यमंत्री चुनने और सत्ता में आने से पहले किए गए वादों पर काम करने की उम्मीद कर रही है।

उन्होंने बिहार में अपराध और जाति के नाम पर हिंसा जैसे मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए थे। प्रशांत किशोर ने कहा था कि राज्य में अपराध, आधे-अधूरे एनकाउंटर और जाति के आधार पर लोगों को निशाना बनाने जैसी बातों की जगह शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। विधायक के तौर पर शपथ लेने के बाद अब प्रशांत किशोर के सामने विधानसभा में जन सुराज पार्टी की आवाज को मजबूती से उठाने की चुनौती होगी।