Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

CM Yogi: गोपाष्टमी पर सीएम योगी ने की गोसेवा, मथुरा की गोशाला में गायों को खिलाया चारा

Mathura: गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने मथुरा के दीनदयाल गांव स्थित गोशाला पहुंचकर गायों को चारा खिलाया और गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और परंपरा में गाय के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए कहा कि गोवंश का संरक्षण और संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि गोमाता हमारी आस्था, श्रद्धा और भारतीय जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा हैं। वह सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली हैं। गोपाष्टमी गोमाता की पूजा का पवित्र पर्व है और इस अवसर पर वह प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।

7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश को आश्रय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले 9 नवंबर को गोरखपुर में गोवर्धन पूजा के दौरान भी गोवंश संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने बताया था कि उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए 7,700 से अधिक गोशालाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें करीब 16 लाख गोवंश को आश्रय दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोवंश की देखभाल के लिए तीन तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। पहली व्यवस्था के तहत सरकार की ओर से निराश्रित गोवंश के लिए गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है।

गाय पालने पर हर महीने मिलते हैं 1,500 रुपये

मुख्यमंत्री ने गोवंश संरक्षण के लिए चलाई जा रही सहभागिता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत किसान सरकारी गोशालाओं से गाय लेकर उनका पालन-पोषण कर सकते हैं। इसके बदले सरकार प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह देती है। एक किसान अधिकतम चार गायों को रख सकता है। इस तरह चार गायों की देखभाल करने पर किसान को हर महीने 6,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सकती है।

इसके अलावा कुपोषण से प्रभावित परिवारों को भी गोशालाओं से दुधारू गाय उपलब्ध कराई जाती हैं। इन परिवारों को गाय की देखभाल के लिए प्रति माह 1,500 रुपये की सहायता भी दी जाती है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को दूध उपलब्ध कराने के साथ गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है।

सड़कों पर निराश्रित गोवंश की समस्या दूर करने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय देना और उन्हें सड़कों पर भटकने से रोकना है। इससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी और गोवंश की उचित देखभाल हो सकेगी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत भी की। इसके तहत सबसे पहले स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हुई है। वहीं, घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का काम 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जनगणना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर प्रदेश के समग्र विकास के लिए ठोस योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।