Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

UP: दिवाली से पहले 3 लाख लोगों के खातों में पहुंचा 441 करोड़ का भुगतान, तकनीकी समस्याओं के बावजूद योगी सरकार ने पूरा किया वादा

Uttar Pradesh: दीपावली के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश के करीब तीन लाख कर्मचारियों और लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने 441.27 करोड़ रुपये की धनराशि खातों में पहुंचाई। एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों और डेटा से जुड़ी खामियों के कारण भुगतान प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन अधिकारियों की लगातार निगरानी और विशेष प्रयासों से तय समय के भीतर भुगतान पूरा कर लिया गया।

इस पूरी प्रक्रिया में एनएचएम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने छुट्टी के दिनों में भी काम किया। भुगतान में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार बैठकें की गईं और हर स्तर पर डेटा की जांच की गई, ताकि त्योहार से पहले सभी पात्र लोगों तक उनकी देय राशि पहुंच सके।

सुबह से आधी रात तक होती रही भुगतान प्रक्रिया की निगरानी

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने भुगतान प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया था। इसके लिए सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकें की गईं।

इन बैठकों में भुगतान की स्थिति पर चर्चा के साथ तकनीकी समस्याओं का समाधान भी कराया गया। पोर्टल पर आधार लिंकिंग, कर्मचारियों के रिकॉर्ड और डेटा में गड़बड़ी जैसी समस्याएं सामने आई थीं। इनके कारण भुगतान रुकने की आशंका थी। ऐसे में अधिकारियों को लंबित मामलों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए।

छुट्टी के दिन भी खुले रहे कार्यालय

भुगतान में देरी न हो, इसके लिए अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोले गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने छुट्टी के दौरान भी काम करते हुए रिकॉर्ड का सत्यापन किया और जिन दस्तावेजों या आंकड़ों में गलतियां थीं, उन्हें ठीक कराया। पूरी प्रक्रिया में इस बात का ध्यान रखा गया कि भुगतान सही व्यक्ति के खाते में पहुंचे और पारदर्शिता बनी रहे।

एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर आधार लिंकिंग से जुड़ी तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए भारत सरकार को पत्र भी भेजा गया। एनएचएम की ओर से संबंधित स्तर पर समस्या के समाधान के लिए अनुरोध किया गया, ताकि भुगतान प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी हो सके।

इन तीन श्रेणियों के लोगों को मिला भुगतान

एनएचएम ने दीपावली से पहले कुल 441.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया। इसमें 74 हजार कार्मिकों का मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि और 79,071 जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों की देय धनराशि शामिल है।

इस तरह तकनीकी और प्रक्रियागत अड़चनों के बावजूद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप समयसीमा में भुगतान पूरा किया। इससे हजारों कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं और योजना के लाभार्थियों को दीपावली से पहले आर्थिक राहत मिली।