Breaking News

बिहार में बाढ़ का कहर, प्रभावित लोगों की संख्या 50 लाख के पार     |   बिहार: विक्रमशिला सेतु पर 1 अक्टूबर से आवाजाही बंद, 3 महीने चलेगा काम     |   एशियन गेम्स: भारत ने जीता ब्रॉन्ज, महिला स्कीट टीम इवेंट में रजिया-महेश्वरी-परिनाज का कमाल     |   एशियन गेम्स: मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पहुंचीं     |   आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में कल स्कूल-कॉलेज बंद     |  

त्योहारों पर नहीं होगी बिजली की किल्लत, योगी सरकार ने निर्बाध आपूर्ति के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए जहां से भी विद्युत की व्यवस्था संभव हो, वहां से आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही भविष्य में कोयले की कमी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए बेहतर वैकल्पिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

फीडरवार होगी बिजली आपूर्ति की निगरानी

रणवीर प्रसाद ने फीडरवार बिजली आपूर्ति की निगरानी करने को कहा। उन्होंने नगरीय, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति, फीडर मीटरों के आंकड़ों और वितरण व्यवस्था से जुड़े मानकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि फीडर स्तर के आंकड़ों का नियमित विश्लेषण किया जाए और जहां भी कमी सामने आए, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। अधिक लाइन हानि वाले फीडरों और क्षेत्रों के लिए फीडरवार कार्ययोजना बनाकर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

डिस्कॉम के एमडी रोज करेंगे समीक्षा

आगामी त्योहारों को देखते हुए वितरण निगमों को अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक प्रतिदिन बिजली आपूर्ति की समीक्षा करेंगे और जिलेवार फीडर की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट लखनऊ भेजेंगे। रिपोर्ट में फीडरवार ब्रेकडाउन और रोस्टिंग की जानकारी भी शामिल होगी। डिस्कॉम स्तर के कंट्रोल रूम में हर दो घंटे पर फीडरवार रिपोर्ट मंगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी फीडर की स्थिति की तत्काल जानकारी मिल सके।

बिजली चोरी और दुर्घटनाओं पर भी समीक्षा

शक्ति भवन में हुई बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति के साथ वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, बिल वितरण, बिल वसूली, बिजली चोरी रोकने, विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और विद्युत कार्यों की गुणवत्ता जैसे मुद्दों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इंडिपेंडेंट फीडर के उपभोक्ताओं से लगातार संपर्क कर बिजली आपूर्ति का फीडबैक लेने और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए।

बार-बार समस्या वाले क्षेत्रों के लिए बनेगी विशेष योजना

रणवीर प्रसाद ने बिजनेस प्लान के तहत चल रहे कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लखनऊ सहित प्रदेश के उन क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए, जहां बिजली आपूर्ति को लेकर बार-बार समस्याएं सामने आ रही हैं। बैठक में प्रबंध निदेशक नितीश कुमार सहित उत्पादन निगम, एसएलडीसी और पावर कारपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।