Breaking News

बिहार में बाढ़ का कहर, प्रभावित लोगों की संख्या 50 लाख के पार     |   बिहार: विक्रमशिला सेतु पर 1 अक्टूबर से आवाजाही बंद, 3 महीने चलेगा काम     |   एशियन गेम्स: भारत ने जीता ब्रॉन्ज, महिला स्कीट टीम इवेंट में रजिया-महेश्वरी-परिनाज का कमाल     |   एशियन गेम्स: मनु भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में पहुंचीं     |   आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में कल स्कूल-कॉलेज बंद     |  

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में चमकेगा रुहेलखंड, जरी से मेंथा-फार्मा तक दिखेंगे स्थानीय उत्पाद

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में रुहेलखंड के पारंपरिक हुनर और आधुनिक उद्योगों की झलक देखने को मिलेगी। बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, दवा, बांस-बेंत और खाद्य उत्पादों के साथ पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी और शाहजहांपुर की जरी कारीगरी भी अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित की जाएगी।

मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार ने बताया कि स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और निर्यातकों को बड़े बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। बरेली मंडल से पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत से जुड़े उद्यम भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

बरेली की जरी-जरदोजी होगी आकर्षण का केंद्र

एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत बरेली की छह इकाइयों को ट्रेड शो में जगह मिली है। मनीषा ज्वेलरी सुनारी उद्योग हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित करेगी। इसके अलावा कमल ट्रेडर्स, पिंकी जरी आर्ट्स, शिखा जरी आर्ट, ज्योत्सना जरी वर्क और कृष्णा गारमेंट्स बरेली की जरी-जरदोजी की कारीगरी पेश करेंगे। पीलीभीत से राशिद हैंडीक्राफ्ट और फाइजाह मलिक लकड़ी की नक्काशी से तैयार उत्पाद लेकर पहुंचेंगे।

मसालों से रेजिन कला तक दिखेगी विविधता

ट्रेड शो में बरेली के छोटे और मझोले उद्योगों के अलग-अलग उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। सृष्टिपूर्ति मसाले और मसाला मिश्रण, जबकि नंदू शेफ खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद पेश करेगा। शील कलाकृति हाथ से तैयार रेजिन कला और ग्लिट्ज एंड थ्रेड्स आभूषण प्रदर्शित करेगा। हंकरी आर्ट एंड एसेंस सुगंधित मोमबत्तियां, रेजिन उत्पाद और धागे की चूड़ियां पेश करेगी। फार्म टैब हेल्थ केयर दवा उत्पाद लेकर पहुंचेगा। राजेश जरी गुड्स और रूबी जरी फैशन जरी-जरदोजी, हाथ की कढ़ाई और कृत्रिम आभूषणों के जरिए बरेली की कारीगरी दिखाएंगे।

नए निर्यातकों को भी मिलेगा मौका

नए निर्यातकों के लिए निर्धारित स्टॉल में बरेली की तीन इकाइयों को कुल पांच स्टॉल मिले हैं। एचएनवी फार्मा लिमिटेड (हम्बल हेल्थकेयर) दवा उत्पादों के लिए दो स्टॉल लगाएगी। दस्तकार बैम्बू केन डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बांस और बेंत से तैयार उत्पाद पेश करेगी। सिरमौर सोप्स एंड एलाइड प्रोडक्ट्स साबुन, कपड़े धोने के उत्पाद और झाड़ू लेकर पहुंचेगी। वहीं पीलीभीत की पीटीआर ग्लोबल एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड भारतीय लकड़ी से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन करेगी।

मेंथा और पैकेजिंग उत्पाद भी होंगे प्रदर्शित

नियमित निर्यातकों के लिए निर्धारित मंडप में बरेली की तीन इकाइयां शामिल हैं। एसए इंटरनेशनल परिधान, केल्विन नेचुरल मिंट प्राइवेट लिमिटेड मेंथा तेल, पुदीना तेल, मेंथॉल क्रिस्टल और स्पीयरमिंट तेल प्रदर्शित करेगी। अंजनिनंदन प्रीमियर पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड पॉलीप्रोपाइलीन के थैले पेश करेगी। पीलीभीत की राशिद हैंडीक्राफ्ट लकड़ी की नक्काशी के उत्पाद, जबकि दारक्षा मलिक और सुभुही जरी-जरदोजी के उत्पाद लेकर पहुंचेंगी। शाहजहांपुर की कुमकुम जरी वर्क्स जरी और उससे तैयार वस्तुओं का प्रदर्शन करेगी।

व्यापार मेले में मिलेगा रुहेलखंड के स्वाद का जायका

ट्रेड शो में स्थानीय खाद्य उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बरेली की अजंता स्वीट्स, रामपुर गार्डन और किप्स की बर्फी को पैकेज्ड खाद्य काउंटर में जगह मिली है। मोहित शर्मा नाश्ता कॉर्नर के छोले-भटूरे भी तैयार कर परोसे जाएंगे। बदायूं के हब्बू हलवाई का पेड़ा, पीलीभीत के पवन स्वीट हाउस की खोया आधारित मिठाइयां और लौंज भी प्रदर्शित किए जाएंगे। शाहजहांपुर के लोंजे और बदायूं के सूरज मिष्ठान भंडार, ककराला को भी स्थानीय व्यंजन के लिए स्टॉल दिया गया है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में रुहेलखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ दवा, मेंथा, खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बांस-बेंत जैसे क्षेत्रों के उत्पाद भी एक मंच पर आएंगे। इससे स्थानीय कारोबारियों और निर्यातकों को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों के सामने अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।