Breaking News

एशियन गेम्स: खराब मौसम के कारण भारत और अफगानिस्तान का मैच रद्द     |   एशियन गेम्स: पिंकी बलहारा ने कोरियाई खिलाड़ी को 3-0 से हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं     |   एशियन गेम्स: भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने हांगकांग को 3-0 से हराया     |   डोनाल्ड ट्रंप ने बदला स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज का नाम     |   यमन में हवाई हमले से भीषण तबाही, बच्चों समेत 7 लोगों की मौत     |  

पहले सेल्फी, फिर सात फेरे... ट्रेड शो में योजनाओं को बताने का अनोखा अंदाज

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में समाज कल्याण विभाग का आउटलेट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां सरकारी योजनाओं की जानकारी सिर्फ पोस्टर या बोर्ड के जरिए नहीं दी जा रही, बल्कि मॉडल, डेमो और प्रत्यक्ष प्रदर्शन के जरिए लोगों को योजनाओं से जोड़ने की कोशिश की गई है।आउटलेट में प्रवेश करते ही डिजिटल सेल्फी प्वाइंट नजर आता है। कुछ कदम आगे बढ़ने पर विवाह मंडप में दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेते दिखाई देते हैं। इसके बाद सिलाई केंद्र और किराना स्टोर के मॉडल ग्रामीण परिवारों के आत्मनिर्भर बनने की तस्वीर दिखाते हैं।

क्लिक होते ही मोबाइल पर पहुंच रही सेल्फी

आउटलेट के प्रवेश हिस्से में बनाए गए डिजिटल सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं और परिवारों की भीड़ देखी जा रही है। यहां क्यूसेक मशीन के जरिए सेल्फी लेने की सुविधा है। फोटो क्लिक करने के बाद तस्वीर सीधे संबंधित व्यक्ति के मोबाइल फोन पर पहुंच जाती है। सेल्फी लेने के बाद लोग आगे बढ़कर विभाग की योजनाओं को देखने और उनके बारे में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।

विवाह मंडप के जरिए समझाई कन्या विवाह योजना

सेल्फी प्वाइंट के आगे कन्या विवाह योजना का मॉडल तैयार किया गया है। दो सजे हुए विवाह मंडपों में कटआउट के जरिए दूल्हा-दुल्हन को सात फेरे लेते दिखाया गया है। मंडप में इलेक्ट्रॉनिक हवन कुंड भी लगाया गया है।

इस मॉडल के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए संचालित योजना को आसानी से समझाने का प्रयास किया गया है। वहीं, अभ्युदय कोचिंग योजना के तहत कटआउट और डिस्प्ले के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई है। समाज कल्याण विभाग की अन्य योजनाओं को भी अलग-अलग मॉडल के जरिए प्रदर्शित किया गया है।

‘ज्योति टेलर’ और ‘दीपक किराना स्टोर’ से आत्मनिर्भरता का संदेश

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल को ‘ज्योति टेलर’ काउंटर के जरिए दिखाया गया है। यहां ग्रामीण परिवेश की महिला को घर से सिलाई का काम करते हुए दिखाया गया है। इसके जरिए यह बताया गया है कि महिलाएं अपने हुनर को आय के साधन में बदल सकती हैं।

वहीं, ‘दीपक किराना स्टोर’ का मॉडल छोटे कारोबार के जरिए परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की तस्वीर पेश करता है। आउटलेट में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। ट्रेड शो में आने वाले लोग इन उत्पादों के बारे में जानकारी लेने के साथ उनकी खरीदारी भी कर रहे हैं।

लोककला और लोकनृत्य ने भी खींचा ध्यान

आउटलेट के मंच की ओर बढ़ने पर ट्रेड शो में लोककला और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी देखने को मिल रही हैं। अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों की लोककलाओं और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों की भीड़ जुट रही है।

लोग कलाकारों की प्रस्तुतियों के वीडियो बना रहे हैं और उनके साथ सेल्फी भी ले रहे हैं। इससे ट्रेड शो में सरकारी योजनाओं के साथ प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है।

योजनाओं की जानकारी के साथ अनुभव का केंद्र बना आउटलेट

समाज कल्याण विभाग का यह आउटलेट सहायता, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, रोजगार और संस्कृति से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों को एक ही जगह प्रदर्शित कर रहा है। मॉडल और प्रत्यक्ष प्रदर्शन के जरिए योजनाओं को समझाने की कोशिश इसे केवल सूचना केंद्र के बजाय लोगों के लिए अनुभव और संवाद का केंद्र बना रही है।