दिल्ली में बेखौफ बदमाश लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की कोशिश में जुटे रहते हैं, लेकिन कई बार पुलिस के आगे फेल हो जाते हैं. दिल्ली के आरके पुरम इलाके से भी ऐसा ही मामला सामने आया है. शुक्रवार तड़के दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. एनकाउंटर के बाद पुलिस ने लूट के मामलों में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. एनकाउंटर के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्त में आए बदमाशों की पहचान संजय और सोनू के रूप में हुई है. दोनों बदमाश इलाके में लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे थे. इसी दौरान आरके पुरम थाने की पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की. हालांकि बदमाशों ने पुलिस की बात मानने की बजाय फायरिंग शुरू कर दी.
इस मामले में पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर के दौरान बदमाशों ने कुल छह राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से चार गोलियां चलाई गईं. जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को काबू कर लिया गया. यह मुठभेड़ तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई. घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है.