Breaking News

ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार, बोला- US के रुख में बदलाव तक कोई वार्ता नहीं     |   वियतनाम में नाव हादसा, भारतीयों समेत 15 लोगों के मारे जाने की आशंका     |   ट्रंप का बड़ा एलान, बातचीत जारी रहेगी... लेकिन ईरान के साथ सीजफायर पूरी तरह खत्म     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |  

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत

दिल्ली में एक बार फिर लापरवाही ने जान ले ली. नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में वैसा ही दर्दनाक हादसा सामने आ गया. रात का समय था, कमल बाइक से घर लौट रहा था. रास्ता सामान्य लग रहा था. लेकिन अचानक सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे ने उसकी जिंदगी छीन ली. जल बोर्ड से जुड़े इस गड्ढे में गिरने से युवक की मौत हो गई. यह घटना सिर्फ हादसा नहीं बल्कि सिस्टम की गंभीर लापरवाही की तरफ इशारा कर रही है. परिवार का आरोप है कि अगर सड़क पर सुरक्षा इंतजाम होते तो यह हादसा टल सकता था.

आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिल्ली की घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिरकर फंस गया और रात भर वहीं पड़ा रहने के बाद उसकी मौत हो गई. जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से युवक की मौत के मामले में पुलिस का कहना है कि रात करीब 12 बजे जनकपुरी थाने को घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए युवक को ट्रैक करना शुरू किया. मृतक की पहचान 25 वर्षीय कमल के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह घटना सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं है. यह शहरी अव्यवस्था की तस्वीर भी है. कमल देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार परेशान हो गया. परिजन उसे तलाशते रहे. कई थानों के चक्कर लगाए. लेकिन किसी को उसकी जानकारी नहीं मिली. सुबह पुलिस का फोन आया तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. युवक गड्ढे में अपनी बाइक के साथ मृत मिला. परिवार जल बोर्ड की लापरवाही पर सवाल उठा रहा है. साथ ही हत्या की आशंका भी जता रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.