Breaking News

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया     |   भारत ने छठी बार जीता U19 वर्ल्ड कप, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से दी शिकस्त     |   हरसौर में नागौर पुलिस की ओर से जब्त 10 टन विस्फोटक मामले की जांच NIA को सौंपी गई     |   दिल्ली: सफदरजंग के पास NDMC गोदाम में आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं     |   ओडिशा में 1.1 करोड़ इनामी माओवादी दंपती समेत 17 अन्य विद्रोहियों ने सरेंडर किया     |  

TMC सांसद ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका, पश्चिम बंगाल SIR में अनियमितताओं का लगाया आरोप

West Bengal SIR: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में मनमानी और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने सर्वोच्च न्यायालय में एक आवेदन दायर किया है। आवेदन में दावा किया गया है कि राज्य में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से, चुनाव आयोग ने औपचारिक लिखित आदेश जारी करने के बजाय व्हाट्सएप संदेशों और वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए मौखिक निर्देशों जैसे "अनौपचारिक और गैर-कानूनी माध्यमों" के जरिए जमीनी स्तर के अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं।

आवेदन में कहा गया है, "चुनाव आयोग मनमाने ढंग से, सनकीपन से या कानून के बाहर कार्य नहीं कर सकता है, न ही वह कानूनी रूप से निर्धारित प्रक्रियाओं को तदर्थ या अनौपचारिक तंत्रों से प्रतिस्थापित कर सकता है।" डेरेक ओ'ब्रायन ने ये आवेदन अपनी लंबित याचिका में दायर किया है, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में एसआईआर का निर्देश देने वाले चुनाव आयोग के आदेश और दिशानिर्देशों को चुनौती दी है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को घोषणा की थी कि वह एसआईआर के खिलाफ अदालत का रुख करेंगी, यह आरोप लगाते हुए कि इस प्रक्रिया ने भय, उत्पीड़न और प्रशासनिक मनमानी को जन्म दिया है, जिससे मौतें, अस्पताल में भर्ती होने और आत्महत्या के प्रयास हुए हैं।

अपने आवेदन में ओ'ब्रायन ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावी मसौदे को 16 दिसंबर, 2025 को प्रकाशित किया गया था, "जिससे योग्य और वास्तविक मतदाताओं की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं, क्योंकि प्रतिवादी संख्या एक (चुनाव आयोग) द्वारा लगातार मनमानी और प्रक्रियागत अनियमित कार्रवाइयां की जा रही हैं।"

आवेदन में कहा गया है कि पिछले साल 30 नवंबर को चुनाव आयोग ने संशोधन अनुसूची के संबंध में केवल सीमित समय के लिए ही समय बढ़ाया और दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी, 2026 निर्धारित की। आवेदन में चुनाव आयोग को दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की समय सीमा बढ़ाने का निर्देश देने की मांग की गई है।

इसमें चुनाव आयोग को "व्हाट्सएप या ऐसे अन्य अनौपचारिक चैनलों के माध्यम से बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य अधिकारियों द्वारा एसआईआर अभ्यास के अनुपालन के लिए निर्देश जारी करना तत्काल बंद करने" का निर्देश देने की भी मांग की गई है और अदालत से "अब तक जारी किए गए ऐसे सभी निर्देशों को अवैध घोषित करने" की अपील की गई है।

आवेदन में कहा गया है, "ईसीआई ने प्रभावी रूप से वैधानिक संचार की अपनी औपचारिक प्रणाली को एक ऐसी प्रणाली से प्रतिस्थापित कर दिया है जिसे जमीनी स्तर पर अनौपचारिक रूप से 'व्हाट्सएप आयोग' के रूप में वर्णित किया जा रहा है, जिसमें महत्वपूर्ण निर्देश, चेतावनियां और कथित गैर-अनुपालन के परिणाम केवल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संप्रेषित किए जाते हैं।"

इसमें कहा गया है कि इतने महत्वपूर्ण कार्य के लिए इस तरह के अनौपचारिक संचार माध्यम स्वतंत्रता के बाद से देश में अभूतपूर्व रहे हैं और वास्तव में इसका प्रभाव "निर्णय लेने वालों को जवाबदेही से मुक्त करने" जैसा होगा। आवेदन में कहा गया है, "एक संवैधानिक प्राधिकरण के रूप में, चुनाव आयोग नागरिकों के मौलिक लोकतांत्रिक अधिकारों को सीधे प्रभावित करने वाली प्रक्रिया को नियंत्रित करने वाले लिखित निर्देश जारी करने के अपने दायित्व का त्याग नहीं कर सकता।"

इसमें आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल में 16 दिसंबर, 2025 को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया गया था और बिना किसी सूचना या व्यक्तिगत सुनवाई के 58,20,898 नाम हटा दिए गए थे। इसमें कहा गया है, "मसौदा सूची के प्रकाशन के बाद शुरू में ये बताया गया था कि अनुमानित 31,68,424 मतदाताओं का मिलान 2002 की मतदाता सूची से नहीं हो सका है, और इसलिए उन्हें सुनवाई के नोटिस प्राप्त होंगे।"

आवेदन में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान, चुनाव आयोग ने बिना किसी लिखित आदेश या दिशानिर्देश के 'तार्किक विसंगतियों' नामक एक नई श्रेणी बनाई और लागू की, जिसके तहत "बिना किसी वैधानिक आधार के 1.36 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए/जारी करने का निर्णय लिया गया"।

आवेदन में कहा गया है कि कई मतदाताओं ने अनावश्यक और लंबी कतारों में इंतजार करने, दस्तावेजी आवश्यकताओं को लेकर भ्रम और चुनाव आयोग द्वारा जारी नोटिसों में स्पष्ट औचित्य की कमी की शिकायत की है।
आवेदन में दावा किया गया है कि चुनाव आयोग ने अब राजनीतिक दलों के बूथ-स्तरीय एजेंटों को मतदान सुनवाई में मतदाताओं की सहायता करने से रोक दिया है।

आवेदन में कहा गया है, "एसआईआर सुनवाई का एक विशेष रूप से चिंताजनक पहलू वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूडी) और चिकित्सकीय रूप से बीमार मतदाताओं पर थोपी गई कठिनाई है, जिनमें से कई को गंभीर स्वास्थ्य, गतिशीलता या उम्र संबंधी बाधाओं के बावजूद शारीरिक रूप से उपस्थित होने के लिए मजबूर किया जा रहा है।"

आवेदन में कहा गया है कि केवल पश्चिम बंगाल में ही चुनाव आयोग द्वारा "सूक्ष्म-पर्यवेक्षकों" के रूप में नामित अधिकारियों का एक वर्ग नियुक्त किया गया है। आवेदन में कहा गया है, "उच्च विलोपन दर वाले अन्य राज्यों में ऐसी कोई तैनाती नहीं हुई है, जिससे चयनात्मक जांच और चुनाव आयोग के प्रोटोकॉल के असमान अनुप्रयोग के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।"

आवेदन में कहा गया है कि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित होने वाली है, जबकि संपूर्ण दस्तावेज़ सत्यापन चरण "ईसीआई की प्रक्रियात्मक गड़बड़ी के कारण अस्त-व्यस्त हो गया है"। आवेदन में कहा गया है, “मतदाता सूची में शामिल होने का अधिकार संवैधानिक संरक्षण प्राप्त एक वैधानिक अधिकार है, और इसे नियंत्रित करने वाली प्रक्रिया निष्पक्षता, तर्कसंगतता और उचित प्रक्रिया के मानकों को पूरा करनी चाहिए।”

कई अन्य निर्देशों के अलावा, आवेदन में चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग की गई है कि उसकी ओर से “मैपिंग” की त्रुटियों के कारण कोई भी मतदाता छूट न जाए। इसमें चुनाव आयोग को सभी दावों, आपत्तियों और सुनवाई के निपटारे के बाद ही अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने का निर्देश देने की भी मांग की गई है।