Breaking News

1995 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेश चंद्र श्रीवास्तव को तिहाड़ जेल का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया     |   भारत ने छठी बार जीता U19 वर्ल्ड कप, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से दी शिकस्त     |   हरसौर में नागौर पुलिस की ओर से जब्त 10 टन विस्फोटक मामले की जांच NIA को सौंपी गई     |   दिल्ली: सफदरजंग के पास NDMC गोदाम में आग, दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं     |   ओडिशा में 1.1 करोड़ इनामी माओवादी दंपती समेत 17 अन्य विद्रोहियों ने सरेंडर किया     |  

T20 World Cup: भारतीय टीम को बड़ा झटका, हर्षित राणा चोट की वजह से बाहर, सिराज को मिली जगह

T20 World Cup: भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में घुटने की चोट की वजह से शुक्रवार को टी20 विश्व कप से बाहर होना पड़ा और सूत्रों के मुताबिक उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इससे पहले स्वीकार किया था कि इस 24 साल के गेंदबाज की स्थिति “अच्छी नहीं लग रही।” भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार राणा की जगह टीम में साथी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया है।

सूर्यकुमार की बातों से पहले ही लगा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल इस गेंदबाज के लिए समय पर ठीक होना मुश्किल है। भारतीय टीम विश्व कप में अपना अभियान शनिवार को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगी।

सूर्यकुमार ने शुक्रवार को मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ राणा को अभी बाहर नहीं किया गया है, हमारे फिजियो उनका आकलन कर रहे हैं, लेकिन उनके चोट की स्थिति अच्छी नहीं लग रही है।” सूर्यकुमार यादव ने हालांकि इसे ज्यादा बड़ी समस्या नहीं माना था।

उन्होंने कहा, ‘‘चिंता की बात नहीं है, हमारे पास कल (शनिवार) के लिए 11 खिलाड़ी हैं। यह हालांकि निश्चित रूप से एक बड़ा झटका होगा क्योंकि 15 खिलाड़ियों की टीम बहुत सोच-विचार के बाद बनाई जाती है और उसे भी काफी सोच-विचार के बाद ही शामिल किया गया था।’’

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘ वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हम अलग-अलग संयोजन अपनाएंगे। हमारे पास इस टूर्नामेंट में सभी टीम के खिलाफ खेलने के लिए पर्याप्त खिलाड़ी और संयोजन मौजूद हैं। वह अगर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो हमें उनकी कमी निश्चित रूप से खलेगी।’’ हर्षित राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए।

हर्षित राणा हालांकि भारत की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे। नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका इकोनॉमी रेट भी 10.60 का है। वह हालांकि विशिष्ट परिस्थितियों में एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते थे। वह निचले क्रम में भी बल्ले से योगदान देने में सक्षम है। इसके साथ ही हरफनमौला वाशिंगटन सुंदर भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सूर्यकुमार ने उपलब्ध विकल्पों के बारे में कहा, ‘‘हम देखेंगे कि पिछले एक-दो वर्षों में किन (अन्य) तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है या क्या कोई ऐसा गेंदबाज है जो बल्लेबाजी भी कर सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ कोई जरूरी नहीं है कि वह बल्लेबाजी करने में सक्षम हो। आप अगर नौवें क्रम पर क्रीज पर आने वाले से छक्का लगाने की उम्मीद कर रहे हैं तो फिर उनसे से पहले के आठ बल्लेबाज क्या करेंगे। हम देखेंगे, हमारे पास कुछ विकल्प हैं लेकिन हम सबसे अच्छे विकल्प का चयन करेंगे।’’