Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

J-K: सीएम उमर अब्दुल्ला ने अमित शाह से की बात, जम्मू में बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया

Jammu and Kashmir: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्हें जम्मू क्षेत्र में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी दी। क्षेत्र में बाढ़ आने से काफी नुकसान है।

अब्दुल्ला ने अपने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "अमित शाह जी से फोन पर बात की और उन्हें जम्मू कश्मीर, खासकर जम्मू क्षेत्र के हालात के बारे में जानकारी दी, जहां भारी और लगातार बारिश से बहुत नुकसान हुआ है और जन जीवन बाधित हुआ है।"

उन्होंने शाह को कनेक्टिविटी में जारी व्यवधान के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि फोन और डेटा (इंटरनेट) सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। अबुल्ला ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मैं कल पहली उड़ान से वहां पहुंच सकूंगा।"

उन्होंने कहा कि वे "हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं और क्षेत्र में जमीनी स्तर पर मौजूद टीमों के संपर्क में हैं।" एक अलग पोस्ट में अब्दुल्ला ने माता वैष्णो देवी मंदिर के पास भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी जताई।

उन्होंने लिखा, "माता वैष्णो देवी मार्ग पर तीर्थयात्रियों की मृत्यु के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे।"

मूसलाधार बारिश के कारण पूरे जम्मू क्षेत्र में बाढ़ आ गई और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें वैष्णो देवी मार्ग पर जाने वाले छह तीर्थयात्री भी शामिल हैं। कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है।