IND vs PAK: टी20 विश्व कप मैच में भारत से मिली 61 रन की हार के बाद खराब प्रदर्शन करने वाले पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। देश के कई पुराने खिलाड़ियों ने कुछ दूसरे वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ उन्हें भी हटाने की मांग की। पूर्व कप्तान बाबर, स्पिनर शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी रविवार रात कोलंबो में हुए एकतरफा मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। इस मैच में भारत के युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (40 गेंदों पर 77 रन) ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। वहीं भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, "अगर मेरे बस में होता, तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता। उन्हें पाकिस्तान के लिए अच्छा खेलने के कई मौके मिले, लेकिन कल वे फिर फेल हो गए।" अफरीदी ने कहा कि इस फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का समय आ गया है। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन दिए, जबकि बाबर को अक्षर पटेल ने पांच रन पर आउट किया। पाकिस्तानी टीम 176 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी।
पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज जावेद मियांदाद हार पर विस्तार से बात करने को भी तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने माना कि दबाव में आने पर पाकिस्तान की क्रिकेट टीम लड़ नहीं पाई है। "भाई बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखानी पड़ती है, वो हमारे खिलाड़ी नहीं दिखा पाए।"
हमेशा बाबर का साथ देने वाले एक और पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस हार के साथ बाबर और शाहीन का टी20 करियर खत्म हो जाना चाहिए। यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, "शाहीन, बाबर और शादाब का समय खत्म हो गया है, पाकिस्तान की टी20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की नहीं।"
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने के सुपरस्टार स्टेटस का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा, "आपने एक ऐसे खिलाड़ी (बाबर आजम) को सुपरस्टार बना दिया है, जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता।" उन्होंने आगे कहा, "पिछले 15-20 सालों से कोई निवेश नहीं हुआ है। दुख की बात ये है कि एक समय हम भारत से मैदान पर लड़ते थे, लेकिन आज हम उन्हें हराने का सपना भी नहीं देख सकते।"
अहमद शहजाद कुछ समय से बाबर के खिलाफ हैं। उन्हें लगता है कि बाबर ने इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए अपना अंतिम मैच खेल लिया है। शहजाद ने एक्स पर लिखा, "बाबर एक बार फिर चला गया। शायद ये इस फॉर्मेट में अपनी काबिलियत साबित करने का उसका अंतिम मौका था।"
इस हार से पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसक निराश हैं और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने टीम का मजाक उड़ाते हुए कहा कि शायद पाकिस्तान सरकार को बांग्लादेश के समर्थन में बॉयकॉट की अपील पर कायम रहना चाहिए था।
यहां कई सोशल मीडिया यूजर्स ने पोस्ट किया, "अगर हम बॉयकॉट पर कायम रहते तो बेहतर होता।"
पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि शायद ये मानने का समय आ गया है कि भारत अब किसी भी फॉर्मेट में पाकिस्तान से कहीं बेहतर टीम है। मोइन ने कहा, "इस बार हमारी उम्मीदें फिर से बढ़ गईं थीं, लेकिन एक पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर हमेशा ये एहसास रहता था कि भारतीय खिलाड़ी तब अच्छा खेलेंगे जब सबसे ज्यादा जरूरत होगी।"
मियांदाद ने कहा कि वे शाहीन शाह अफरीदी के रूप में पाकिस्तान को केवल एक तेज गेंदबाज के साथ खेलते देखकर हैरान थे। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, "उन्होंने (पेसर) फहीम अशरफ से गेंदबाजी क्यों नहीं करवाई। छह स्पिनर खिलाना किस तरह की रणनीति है?"