Breaking News

बंगाल के सभी स्कूलों में वंदे मातरम् अनिवार्य, सचिवालय जल्द जारी करेगा आदेश     |   बंगाल: चुनावी हिंसा मामले में कोलकाता HC में सुनवाई, पूर्व CM ममता लड़ रहीं केस     |   थोड़ी देर में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, केरलम के मुख्यमंत्री का हो सकता है ऐलान     |   दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने चार्जशीट दाखिल की     |   प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए घर से ले जाया गया     |  

T20 WC 2026: स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल, चोटिल जोश हेजलवुड की लेंगे जगह

T20 WC 2026: ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मैच से कुछ घंटे पहले सोमवार को तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की जगह बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल किया। इस तरह स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम के 15वें सदस्य बन गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक बयान में कहा, ‘‘स्मिथ को पिंडली की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने वाले हेजलवुड की जगह टीम में शामिल किया गया है। टीम के चिकित्सकों को उम्मीद थी कि वे (हेजलवुड) टूर्नामेंट के अंतिम चरण में खेलने के लिए समय पर फिट हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।’’

इससे पहले चोटिल कप्तान मिचेल मार्श के कवर के तौर पर स्मिथ को श्रीलंका भेजा गया था। मार्श ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती दोनों मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने हालांकि रविवार को टीम के साथ अभ्यास किया।

स्मिथ ने पिछले साल फरवरी के बाद से कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, लेकिन घरेलू प्रतियोगिताओं में उन्होंने इस प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। जिम्बाब्वे से 23 रन की हार के बाद ऑस्ट्रेलिया का विश्व कप अभियान अधर में लटक गया है और उसे टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने से बचने के लिए सोमवार को श्रीलंका को हर हाल में हराना होगा।