Breaking News

बजट सत्र: निशिकांत दुबे के संबोधन में से अर्बन नक्सल और टुकड़े टुकड़े शब्द को हटाया गया     |   बांग्लादेश चुनाव में रहमान को 50 सीट, जमात फिलहाल 2 सीटों पर अटकी     |   चुनाव आयोग की कल बंगाल के चुनाव अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक होगी     |   FIR हो, मुकदमा हो या प्रिविलेज प्रस्ताव लाएं - किसानों के लिए लड़ूंगा: राहुल गांधी     |   T20 World Cup 2026: नामीबिया ने जीता टॉस, भारतीय टीम पहले बैटिंग करेगी     |  

Haridwar Stampede: मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़, आठ की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

उत्तराखंड के हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हुआ है। भगदड़ में आठ लोगों की मौत की खबर है। कई लोगों के बुरी तरह से घायल होने की खबर भी है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाने में लग गई। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का एलान किया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। वहीं, करीब दो बजे सीएम पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे और अस्पताल में घायलों का हाल जाना। 

रविवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास मंदिर की चढ़ाई कर रहे श्रद्धालुओं के बीच किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर गए। चीख-पुकार के बीच कई श्रद्धालु दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद भगदड़ मच गई। भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। एम्स पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि एम्स में कुल 15 घायल लाए गए थे, जिसमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। 10 अभी यहां भर्ती हैं। इनमें दो साल की एक बच्ची, 26 वर्षीय युवती व 56 वर्षीय महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में लाया गया है, जिसमें भगदड़ में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि अन्य लोग घायल हैं। जिनमें से गंभीर अवस्था वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।

भगदड़ की घटना में घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने और उन्हें अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 108 सेवा की सात एंबुलेंस और 'खुशियों की सवारी' की दो एंबुलेंस मौके पर तैनात की गईं। इन एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से कई घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।

मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। 

जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, हरिद्वार की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी हुआ है। मदद के लिए 01334-223999, 9068197350, 9528250926, पर फोन कर सकते हैं। वही, राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून में स्थापित हेल्पलाइन नंबर 0135-2710334,2710335, 8218867005, 9058441404 भी जारी किया गया है।