वाराणसी में सावन के पवित्र महीने के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में शिव भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए काशी पहुंच रहे हैं। सावन शुरू होने से अब तक करीब 53 लाख 69 हजार श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
सावन के सोमवार और प्रमुख पर्वों पर मंदिर में भक्तों की संख्या और बढ़ जाती है। बीते सावन के तीसरे सोमवार को नाग पंचमी का संयोग होने के कारण काशी विश्वनाथ धाम में करीब पांच लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। भक्तों को सुगम दर्शन कराने के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। सावन के दौरान काशी में हर तरफ भगवान शिव के जयकारे गूंज रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। सावन के बाकी दिनों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।