Breaking News

ईरानी हमलों के बीच कुवैत में बंद किया गया अमेरिकी दूतावास     |   बहरीन में शेख इसा में US बेस पर ईरान का हमला, 20 ड्रोन और 3 मिसाइलें गिराई     |   हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर गंभीर सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत     |   होली से पहले दिल्ली का 'ऑपरेशन आघात', नशाखोरों-जुआरियों समेत 918 लोगों पर एक्शन     |   अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी पश्तूनों और बलूचों को किया सतर्क, खूफिया अफसर ने किया हमले का दावा     |  

पाकिस्तान पर तालिबान का प्रचंड वार, डूरंड लाइन पर दो और पोस्ट कब्जाए, तेज हुई जंग

अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा (डूरंड लाइन) पर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. चल रहे सीमा संघर्ष के बीच अफगान तालिबान ने पाकिस्तान सेना को बड़ा झटका दिया है और दावा किया है कि उन्होंने शोराबक क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के सैनिकों को मार गिराकर एक अग्रिम चौकी पर कब्जा कर लिया है.

यह घटना उसी दौरान सामने आई जब सोशल मीडिया पर साझा ताजा फुटेज में पाकिस्तानी आर्मी की चौकियों पर रातभर चले ड्रोन और ग्राउंड स्ट्राइक दिखाई दे रही हैं. अफगान रक्षा अधिकारियों और स्थानीय मीडिया ने हाल के दिनों में सीमा पर कई चौकियों पर कब्जा करने के दावे किए हैं. तालिबानी लड़ाकों ने स्पिन बोल्डक और शोराबक क्षेत्र में पाकिस्तानी सैन्य चौकियां अपने नियंत्रण में लेने का दावा किया है. 

हालिया हमलों में तालिबान ने पाकिस्तानी हथियार, गोला-बारूद और सैन्य सामग्री भी जब्त की है. अफगान रक्षा मंत्रालय ने 26-27 फरवरी को जारी एक बयान में दावा किया था कि 19 पाकिस्तानी पोस्ट कब्जे में ले ली गईं, और 50 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.

पाकिस्तान ने तालिबान के दावों को बे-बुनियाद बताते हुए कहा कि उसकी चौकियां न तो कब्जा की गई हैं और न ही नुकसान पहुंचा है. इस्लामाबाद ने दावा किया कि उसने तालिबान ठिकानों पर तुरंत और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की है, जिससे अफगान पक्ष को भारी नुकसान हुआ है. सीमा तनाव पिछले एक सप्ताह में लगातार बढ़ता जा रहा है.

पाकिस्तान के हालिया एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिया प्रांतों में नागरिकों के हताहत होने की रिपोर्ट आई थी. इसके बाद अफगान तालिबान ने डूरंड लाइन पर बड़े पैमाने पर जवाबी हमला शुरू किया, जिसमें कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया. सीमा के स्पिन बोल्डक-शोराबक सेक्टर में लगातार गोलाबारी की वजह से दोनों ओर नागरिकों में भय का माहौल है. अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ इसे 2021 के बाद सबसे गंभीर सीमा संकट बता रहे हैं.