Bangladesh Election: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए गुरुवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार को जारी मतगणना के बीच बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने जीत का दावा किया। इस चुनाव में जीत हासिल करने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था।
एक्स पर एक पोस्ट में बीएनपी की मीडिया सेल ने जीत का दावा करते हुए कहा, “बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-बीएनपी अधिकतर सीटों पर जीत के बाद सरकार बनाने जा रही है।” चुनाव आयोग (ईसी) ने अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीएनपी ने 300 सीटों वाली संसद में 151 से अधिक सीटें जीत ली हैं। चुनाव आयोग (ईसी) ने अभी तक औपचारिक घोषणा नहीं की है। चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि कई सीटों के नतीजे अभी भी प्रक्रियाधीन हैं और कुछ ही घंटों में घोषित होने की संभावना है।
अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की अनुपस्थिति में, इस चुनाव को बीएनपी और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार 18 महीनों से सत्ता में है।
13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान के साथ-साथ जुलाई राष्ट्रीय चार्टर के नाम से जाने जाने वाले 84 सूत्री सुधार पैकेज के कार्यान्वयन पर एक जनमत संग्रह भी आयोजित किया गया था। बीएनपी पिछली बार 2001 से 2006 के बीच सत्ता में थी, जब जमात उसकी अहम सहयोगी थी।
बीएनपी की केंद्रीय चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने शुक्रवार तड़के मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “हमें भरोसा है कि हम दो-तिहाई से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे।” रहमान, जो 17 साल से अधिक समय तक स्वनिर्वासन में रहने के बाद पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश लौटे थे। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से विजय रैलियां आयोजित करने के बजाय दोपहर की जुमा की नमाज के बाद देश भर में विशेष प्रार्थना करने का आग्रह किया।
चुनाव आयोग ने अभी तक मतदान प्रतिशत की घोषणा नहीं की थी। उसने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नसुर उद्दीन ने गुरुवार शाम को कहा, "पिछले चुनावों में भी मतदान प्रतिशत को लेकर बहस हुई थी। कृपया अब इस पर सवाल न उठाएं।"
उन्होंने कहा कि हजारों मतदान केंद्रों से परिणाम अलग-अलग समय पर आने के कारण भिन्नताएं स्वाभाविक हैं। चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने इससे पहले कहा था कि गुरुवार को दोपहर दो बजे तक 42,651 मतदान केंद्रों में से 36,031 केंद्रों पर 47.91 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान कर दिया था।
300 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 299 पर मतदान हुआ, जिनमें कई निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 2,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे। एक सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया। मतदान शाम 4:30 बजे (स्थानीय समय) समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो गई।
चुनाव आयोग ने चुनावों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी, जिसमें लगभग 10 लाख सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था,जो देश के चुनावी इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।