Breaking News

मंदिर चढ़ावा चोरी के दो अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेगी     |   INS महेंद्रगिरि भारतीय नौसेना में शामिल, राजनाथ सिंह बोले- आंध्र रक्षा निर्माण का नया केंद्र     |   श्रद्धा वाल्कर केस: 20 जुलाई की सुनवाई टली, तिहाड़ जेल में परीक्षा देगा आफताब     |   पंजाब कांग्रेस में हलचल के बीच चरणजीत चन्नी गुट आज प्रभारी भूपेल बघेल से करेगा मुलाकात     |   रॉबर्ट वाड्रा के हरियाणा लैंड डील मामले में ED ने सीलबंद लिफाफे में स्टेटस रिपोर्ट सौंपी     |  

ब्राजील राष्ट्रपति लूला 18 फरवरी को पांच दिवसीय भारत दौरे पर, PM मोदी से होगी मुलाकात

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा 18 फरवरी को भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्यापक वार्ता करेंगे और एआई प्रभाव सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।  विदेश मंत्रालय ने कहा कि लूला की राजकीय यात्रा से दोनों देशों की द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। साथ ही द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मंचों पर सहयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय ने बताया कि मोदी 21 फरवरी को राष्ट्रपति लूला से मिलेंगे और दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। मंत्रालय ने कहा, “दोनों नेता क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे, जिसमें बहुपक्षीय मंचों में सहयोग, वैश्विक व्यवस्था और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।” लूला 19 और 20 फरवरी को एआई प्रभाव सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उम्मीद की जा रही है कि राष्ट्रपति लूला के साथ लगभग 14 मंत्री और ब्राजील की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष सीईओ का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भारत आएगा।

राष्ट्रपति लूला की भारत की ये छठी यात्रा होगी। उन्होंने पहली बार 2004 में गणतंत्र दिवस समारोह में अतिथि के रूप में भारत का दौरा किया था और पिछली बार सितंबर 2023 में जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे। हालांकि, मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच कई बार मुलाकातें हो चुकी हैं। मोदी पिछले साल सात-आठ जुलाई तक ब्रासिलिया की राजकीय यात्रा पर थे।