Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

योगी सरकार की 'चारा क्रांति' से मजबूत होंगी गोशालाएं, नैपियर घास का रकबा तीन गुना बढ़ाने की तैयारी

उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योगी सरकार चारा उत्पादन पर विशेष जोर दे रही है। प्रदेश में हरे चारे की कमी दूर करने और गोशालाओं को नियमित आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए नैपियर घास की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत अब तक सात हजार किसानों के साथ 14 हजार हेक्टेयर भूमि पर चारा उत्पादन के लिए अनुबंध किया गया है।

सरकार की कोशिश है कि स्थानीय स्तर पर चारा उत्पादन बढ़े, जिससे गोशालाओं को पौष्टिक हरा चारा मिल सके और पशुओं के भरण-पोषण पर होने वाला खर्च भी कम हो। इसके लिए किसानों और ग्राम पंचायतों को नैपियर घास की खेती पर प्रति हेक्टेयर 20 से 22 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही उन्नत किस्म की घास की जड़ें और रूट स्लिप भी मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।

दो साल में एक लाख किसान-पशुपालकों को मिला लाभ

चारा विकास योजनाओं के जरिए पिछले दो वर्षों में करीब एक लाख किसान और पशुपालक लाभान्वित हुए हैं। वर्ष 2025-26 में 60 लाख नैपियर रूट स्लिप वितरित की गईं, जबकि 2026-27 में यह संख्या बढ़कर 78 लाख हो गई।

वर्ष 2026-27 में 260 हेक्टेयर भूमि पर नैपियर घास की खेती के लिए रूट स्लिप उपलब्ध कराई गई थी। अब आगामी वर्ष में इस क्षेत्र को बढ़ाकर 720 हेक्टेयर करने की योजना है। इससे नैपियर घास की खेती का दायरा करीब तीन गुना हो जाएगा। चारा नीति 2025-26 के अंतर्गत सरकार फसल अवशेषों के उपयोग, सामुदायिक चरागाहों के विकास और उन्नत चारा किस्मों की खेती को भी प्रोत्साहित कर रही है।

150 मास्टर ट्रेनर देंगे पशुपालकों को प्रशिक्षण

हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने के साथ उसके वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान, झांसी में प्रदेश के प्रत्येक जनपद से दो अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है। इस प्रक्रिया में कुल 150 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं।

ये प्रशिक्षक विकासखंड स्तर पर पशुपालकों को चारा उत्पादन और संरक्षण की तकनीक सिखाएंगे। प्रत्येक विकासखंड में 100 पशुपालकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। प्रशिक्षण में उन्नत चारा किस्मों, खेती की तकनीक, चारे को सुरक्षित रखने और उसके बेहतर इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।

3.74 लाख हेक्टेयर में हो रही हरे चारे की खेती

प्रदेश में फिलहाल खरीफ, रबी और जायद के मौसम में करीब 3.74 लाख हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे का उत्पादन किया जा रहा है। सरकार अल्पकालीन, मध्यकालीन और दीर्घकालीन योजनाओं के जरिए इस क्षेत्र को और बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

किसानों को उन्नत बीज, घास की जड़ें और रूट स्लिप उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही सामुदायिक भूमि पर चारा उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर चारा मिलने के साथ परिवहन और खरीद पर होने वाला खर्च भी घटेगा।

7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख गोवंश संरक्षित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था का विस्तार किया गया है। राज्य में 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों पर 16 लाख से ज्यादा गोवंश को संरक्षित किया जा रहा है। इन पशुओं के लिए पर्याप्त और पौष्टिक चारा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण और उनके बेहतर भरण-पोषण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गोशालाओं की चारे की जरूरत पूरी करने के लिए किसानों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है, ताकि गांवों में ही चारा तैयार हो और उसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के मुताबिक, गोआश्रय स्थलों की जरूरतों के अनुरूप चारा उत्पादन और प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है। नैपियर घास की खेती, किसानों के साथ अनुबंध और पशुपालकों को प्रशिक्षण देने जैसे कदम गोसंरक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएंगे।

इस अभियान से गोशालाओं को पौष्टिक चारा मिलने के साथ किसानों और पशुपालकों के लिए आय के नए अवसर भी पैदा होंगे। योजना का लाभ लेने के इच्छुक प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना जरूरी है।