उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों को संविधान और उसके मूल आदर्शों से जोड़ने के लिए योगी सरकार विशेष अभियान चला रही है। इसके तहत 26 नवंबर को प्रदेश के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में संविधान दिवस मनाया जाएगा। स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, उसके निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी संविधान को केवल पढ़ाई का हिस्सा न समझें, बल्कि उसमें बताए गए आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में भी अपनाएं। इस दिन शिक्षक और छात्र प्रार्थना सभा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे।
प्रस्तावना के वाचन से समझेंगे संविधान के आदर्श
संविधान दिवस पर विद्यालयों की सुबह की प्रार्थना सभा में विशेष आयोजन होंगे। शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। इसके माध्यम से बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल सिद्धांतों का महत्व बताया जाएगा।
इन गतिविधियों से विद्यार्थियों को समझाया जाएगा कि भारतीय लोकतंत्र की नींव इन्हीं संवैधानिक मूल्यों पर टिकी है और हर नागरिक के जीवन में इनकी अहम भूमिका है।
संविधान सभा और निर्माण प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी
स्कूलों में संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। विद्यार्थियों को संविधान से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों और महत्वपूर्ण घटनाओं से परिचित कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को यह बताना है कि भारत का संविधान सामूहिक विचार-विमर्श, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अनेक लोगों के प्रयासों से तैयार हुआ।
पोस्टर और चित्रकला के जरिए दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
संविधान दिवस को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों के बीच कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें पोस्टर बनाना, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज तैयार करना शामिल है।
बच्चे अपनी कला के माध्यम से संविधान के सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रस्तुत करेंगे। इससे उनकी रचनात्मकता के साथ विचारों को व्यक्त करने और मिलकर काम करने की क्षमता भी बढ़ेगी।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी होगा बोध
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के साथ नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक सद्भाव, विविधता में एकता और देश की एकता-अखंडता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य बच्चों में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना और उन्हें संविधान के प्रति जागरूक बनाना है।
डिजिटल माध्यम से भी दर्ज होगी कार्यक्रमों की जानकारी
विद्यालयों में संविधान दिवस से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने और विद्यार्थियों व शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। कार्यक्रमों के आयोजन और सहभागिता का विवरण डिजिटल माध्यम से भी दर्ज किया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि संविधान दिवस विद्यार्थियों को देश के संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में संविधान के प्रति सम्मान, अधिकारों और कर्तव्यों की समझ तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित की जाएगी।