मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती उतारी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रामनगरी आए थे। हनुमानगढ़ी में दर्शन के दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
रामलला के दरबार में झुकाया शीश

हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री मंदिर में साष्टांग दंडवत हुए और रामलला के चरणों में शीश नवाया।

इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश के लोगों के कल्याण, खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आम लोगों का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। दर्शन-पूजन के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।