Gold Silver Price: वायदा कारोबार में गुरुवार को चांदी की कीमतों जबरदस्त उछाल जारी रहा। यह छह प्रतिशत बढ़कर चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गई। वहीं मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में रिकॉर्ड उछाल के चलते सोने का भाव अब तक के उच्चतम स्तर 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
लगातार पांचवें दिन बढ़त जारी रखते हुए, मार्च में आपूर्ति के लिए चांदी के वायदा भाव में 24,434 रुपये यानी 6.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 4,09,800 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सफेद धातु की कीमत 21 जनवरी को दर्ज 3,18,492 रुपये प्रति किलोग्राम (बंद भाव) से 91,308 रुपये यानी लगभग 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
चांदी की कीमतों में यह उछाल बहुत तेज रहा है और यह मात्र आठ कारोबारी दिनों में 3 लाख रुपये से बढ़कर 4 लाख रुपये तक पहुंच गई है। इस साल सफेद धातु ने 74 प्रतिशत का चौंका देने वाला रिटर्न दिया है। सोने के वायदा भाव में भी तेजी देखने को मिली, फरवरी में आपूर्ति के लिए सोने का भाव 14,864 रुपये यानी लगभग 9 प्रतिशत बढ़कर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।
अप्रैल में आपूर्ति के लिए सोने का भाव 15,943 रुपये यानी 9 प्रतिशत बढ़कर 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स बाजार पर सोने के वायदा भाव ने पहली बार 5,600 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार कर लिया।
अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने का भाव 286.6 डॉलर या 5.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। कॉमेक्स बाजार में चांदी के वायदा भाव में भी तेजी रही और यह 120 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मार्च में आपूर्ति के लिए चांदी के भाव में 7.03 अमेरिकी डॉलर यानी 6.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 120.56 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान से अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत फिर से शुरू करने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि भविष्य में अमेरिका की कोई भी सैन्य कार्रवाई कहीं अधिक गंभीर होगी। बाद में ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी और अमेरिका, इजराइल और उनके सहयोगियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दी, जिससे बाजार में चिंता का माहौल और बढ़ गया।