Breaking News

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज मुद्दे पर चीन की अपील, 'सभी पक्ष सैन्य कार्रवाई रोकें, बातचीत करें'     |   ईरान के खोर्रामाबाद सिटी में अमेरिकी-इजरायली हमले में 6 नागरिकों की मौत, 43 घायल     |   न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर विमान-ट्रक टक्कर हादसे में 2 लोगों की मौत     |   बिहार बोर्ड: क्लास 12 के नतीजे दोपहर 1:30 बजे घोषित किए जाएंगे     |   न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर विमान की ट्रक से टक्कर     |  

रामपुर में सस्ते iPhone के नाम पर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

रामपुर के सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आज iPhone के नाम पर ठगी करने वाले साइबर ठगों का भंडाफोड़ किया है। सोशल मीडिया पर सस्ते iPhone का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सस्ते iPhone बेचने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। 

ठगी का शिकार बने लोगों ने जब इसकी शिकायत पुलिस से की तो मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर iPhone के आकर्षक विज्ञापन डालते थे, कम कीमत में नया iPhone देने का लालच देकर वे लोगों से ऑनलाइन भुगतान करवा लेते थे,लेकिन इसके बाद न तो फोन की डिलीवरी करते थे और न ही संपर्क में रहते थे। 

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है आरोपी दोनों सगे भाई बताए जा रहे है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप, वरना कार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से iPhone के नाम पर साइबर ठगी कर रहे थे और कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और ठगी की कुल रकम कितनी है। 

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले सस्ते मोबाइल या अन्य सामान के लालच में न आएं। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। फिलहाल रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का दावा है कि आगे भी ऐसे ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।