ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने राज्य भर में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 250 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहले चरण में 23 दिसंबर को 150 एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया था, जबकि अतिरिक्त 250 एम्बुलेंस मंगलवार को कलिंगा स्टेडियम में जनता को समर्पित की गईं। राज्य सरकार ने इन एम्बुलेंस के बेड़े के लिए अपने संसाधनों से लगभग 111 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
मुख्यमंत्री मांझी ने कहा, "इन एम्बुलेंस के शुभारंभ का मकसद वक्त पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना और मरीजों के अस्पताल पहुंचने में लगने वाले समय को कम करना है।" वर्तमान में ओडिशा भर में 866 आपातकालीन एम्बुलेंस कार्यरत हैं। 'जननी एक्सप्रेस' योजना के तहत अतिरिक्त 500 सेवाएं विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बीमार बच्चों के लिए हैं।
माझी ने कहा कि सभी ब्लॉकों से जिला अस्पतालों तक और जिला अस्पतालों से कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल तक निर्बाध एम्बुलेंस सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “विमान योजना के तहत राउरकेला और जयपुर जैसे हवाई अड्डों तक भी एम्बुलेंस सेवाएं बढ़ाई जाएंगी।” इन एम्बुलेंस सेवाओं के माध्यम से प्रतिदिन 5,000 से अधिक मरीजों को सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया जाता है।