Breaking News

UP: बसपा के कद्दावर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी सपा में होने जा रहे शामिल     |   बिहार में हर रोज हत्या-रेप हो रहा, सम्राट चौधरी बोले थे अपराध नहीं रुका तो इस्तीफा दूंगा: राबड़ी देवी     |   दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच     |   बांग्लादेश चुनाव: BNP की जीत पर PM मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई     |   दिल्ली: उस्मानपुर में बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, 3 घायल     |  

सांसद पप्पू यादव की कई मामलों में दायर जमानत याचिका पर कोर्ट में आज होगी सुनवाई

पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को गुरुवार को भी राहत नहीं मिली. कोर्ट ने उन्हें नए मामलों में कस्टडी में लेने का आदेश दिया है. अभी उन्हें जेल में ही रहना होगा. पुलिस ने बुद्धा कॉलोनी और कोतवाली थाना में दर्ज पुराने मामलों को फिर से खोल दिया है. ये केस 2017 और 2019 के बताए जा रहे हैं. कोर्ट ने इन मामलों में भी न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने तक कस्टडी में रखने का फैसला दिया है. अब पप्पू यादव को हर केस में अलग-अलग जमानत लेनी होगी.

गुरुवार को पप्पू यादव कोर्ट पहुंचे थे. लेकिन बम की अफवाह के कारण सुनवाई नहीं हो सकी. अब जमानत याचिका पर सुनवाई शुक्रवार को होगी. पप्पू यादव को 6 फरवरी की रात 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए अचानक उनके आवास पहुंची थी. बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए थे. काफी देर तक हंगामा चला. इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर चली गई.

पुराने मामले में उन्हें जमानत मिल गई थी. लेकिन गिरफ्तारी के दौरान हंगामा और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एक अन्य केस दर्ज हुआ. इसी मामले में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया. अब कम से कम तीन मामलों में उन्हें जमानत लेनी जरूरी है. गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के एक मामले में उन्हें पहले ही राहत मिल चुकी है. बाकी मामलों में शुक्रवार को सुनवाई होगी.

उनके वकील शिवनंदन ने कहा कि नए कांडों में उनका प्रोडक्शन कराया गया है. अब बेल के लिए अलग से याचिका दायर करनी होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर पुराने केस खोलकर उन्हें जेल में रखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि कोतवाली के दो पुराने मामलों और बुद्धा कॉलोनी थाना में दर्ज सरकारी कार्य में बाधा से जुड़े केस में कानूनी प्रक्रिया चल रही है. वकील का कहना है कि ये मामले आंदोलन और धरना प्रदर्शन से जुड़े थे. पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई थी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर सवाल उठाए थे. वहीं पप्पू यादव लगातार NEET छात्रा मौत मामले में सरकार पर आरोप लगाते रहे हैं. अब सबकी नजर शुक्रवार की सुनवाई पर टिकी है.