उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जोन स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
26 से 28 नवंबर तक होने वाली इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी और वॉलीबाल के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जनपद स्तर पर आयोजित मुकाबलों में जीत हासिल करने वाले और उपविजेता खिलाड़ी अब जोन स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
तीन दिन तक होंगे कबड्डी और वॉलीबाल के मुकाबले
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग के विद्यार्थी भाग लेंगे। खिलाड़ी कबड्डी और वॉलीबाल में अपनी क्षमता, रणनीति और टीम के साथ तालमेल का प्रदर्शन करेंगे। जोन स्तर पर होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी खेल प्रतिभा पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।
खेलों से बढ़ेगा आत्मविश्वास और अनुशासन
योगी सरकार की पहल के तहत सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कबड्डी और वॉलीबाल जैसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग विकसित होगा। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे ले जाने का मौका मिलेगा।
जनपद स्तर पर हो चुका है पहला चरण
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रतियोगिताओं का पहला चरण 18 और 19 नवंबर को जनपद स्तर पर आयोजित किया गया था। अब दूसरे चरण में जोन स्तर पर मुकाबले होंगे। आयोजन के लिए संयुक्त निदेशक या उप निदेशक समाज कल्याण को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाएं संभालेंगे। प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का विवरण समाज कल्याण विभाग के निदेशालय को भेजा जाएगा।