Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

मेरठ बनेगा ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब, बॉल कॉर्पोरेशन लगाएगी ₹2,900 करोड़ से अधिक का प्लांट: CM योगी

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की नई फैक्ट्री का शिलान्यास किया। कंपनी यहां ₹2,900 करोड़ से अधिक के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने की विश्वस्तरीय इकाई स्थापित करेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ‘आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बॉल कॉर्पोरेशन की टीम का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार बड़े निवेश आ रहे हैं, जो प्रदेश के प्रति वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे को दिखाते हैं।

सीएम योगी ने बताया कि कुछ दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के ₹1,200 करोड़ से अधिक के प्लांट का भूमिपूजन हुआ था। वहीं, ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश को लेकर बातचीत हुई है। अब मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई का शिलान्यास प्रदेश के औद्योगिक विकास की एक और बड़ी उपलब्धि है।

मेरठ में हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन की यह फैक्ट्री मेरठ के औद्योगिक विकास में बड़ी भूमिका निभाएगी। इसे क्षेत्र की एक प्रमुख औद्योगिक इकाई के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। इस परियोजना से स्थानीय छोटे और मध्यम उद्योगों, पैकेजिंग कंपनियों, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारों को भी फायदा मिलेगा।

सीएम योगी ने कहा कि मेरठ पहले से ही खेल उद्योग के लिए देश और दुनिया में पहचान रखता है। यहां ओडीओपी के तहत स्पोर्ट्स गुड्स का उत्पादन होता है और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है। अब मेरठ खेल और पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग का भी बड़ा केंद्र बन रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी से निवेशकों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ की लोकेशन और बेहतर परिवहन सुविधाएं इसे उद्योगों के लिए खास बनाती हैं। नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और यीडा क्षेत्र की नजदीकी से यहां कारोबार करना आसान हो रहा है। इसके अलावा जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को देश और दुनिया के बाजारों से जोड़ती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और अन्य तैयार पेय पदार्थों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में मेरठ में स्थापित होने वाली बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई कंपनी को अपने ग्राहकों और उत्पादन केंद्रों के करीब रहने का अवसर देगी। इससे कंपनी भारत के साथ वैश्विक बाजार में भी अपना कारोबार बढ़ा सकेगी।

14 हजार से बढ़कर 35 हजार हुईं फैक्ट्रियां

मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए औद्योगिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश ने बीते साढ़े नौ वर्षों में बड़ी प्रगति की है। उन्होंने बताया कि 2017 तक उत्तर प्रदेश में करीब 14 हजार फैक्ट्रियां थीं, जबकि अब इनकी संख्या 35 हजार से अधिक हो गई है। यानी इस दौरान 21 हजार से ज्यादा नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं।

सीएम योगी ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर सड़कें, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योगों के लिए जमीन और प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता ने निवेश को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रदेश में ₹2 लाख करोड़ से अधिक का वार्षिक कैपेक्स किया जा रहा है और राज्य देश के अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्यों में शामिल है।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में यूपी आगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में बनने वाले करीब 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इसके अलावा डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में आईटीआई और डिप्लोमा करने वाले युवाओं के साथ दो लाख से अधिक STEM ग्रेजुएट्स को उद्योगों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से ₹15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में ₹7.5 लाख करोड़ की नई परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

1 करोड़ MSME और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब एक करोड़ MSME इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में निवेश को आसान बनाने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी, 75 हजार एकड़ से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर और ‘निवेश मित्र’ सिंगल विंडो पोर्टल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

सीएम योगी ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, सीएनएच इंडस्ट्रियल, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम और पेप्सिको जैसी वैश्विक कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं। अब बॉल कॉर्पोरेशन भी इस विकास यात्रा का हिस्सा बन रही है।

स्थानीय उद्योगों और युवाओं को प्राथमिकता देने की अपील

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय MSME इकाइयों से खरीद बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने और रीसाइक्लिंग के जरिए पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कंपनी को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार परियोजना के हर चरण में सहयोग करेगी और निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद साझेदार बनी रहेगी। इस अवसर पर बॉल कॉर्पोरेशन के CFO (EMEA) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा और शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।