Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

बेंगलुरु में पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट से पहले बम की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। ईमेल के जरिए कॉन्सर्ट स्थल और पास के मडावरा मेट्रो स्टेशन पर विस्फोट की चेतावनी दी गई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिलजीत दोसांझ का बेंगलुरु में 29 नवंबर, रविवार को कॉन्सर्ट होना है। यह कार्यक्रम उनके AURA India Tour 2026 का हिस्सा है और मडावरा स्थित NICE ग्राउंड्स में आयोजित किया जाएगा।

 9 नवंबर को मिला था धमकी भरा ईमेल

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम के आयुक्त के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश आया था। बताया गया है कि यह ईमेल weismith3727@gmail.com से भेजा गया था।

ईमेल में दावा किया गया कि कॉन्सर्ट स्थल और मडावरा मेट्रो स्टेशन पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया जाएगा। संदेश में लोगों को कार्यक्रम में बच्चों को न लाने, लावारिस पड़े आईफोन को न छूने और मेट्रो से यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई थी।
ईमेल के अंत में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिखा था। कुछ रिपोर्टों में प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) का नाम भी सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे नॉर्थ-वेस्ट डिवीजन कंट्रोल रूम को इस ईमेल की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर के प्रबंधन से संपर्क कर कार्यक्रम की पुष्टि की। आयोजकों ने 29 नवंबर को NICE ग्राउंड्स में कॉन्सर्ट होने की जानकारी दी।

मडनायकनहल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर शिवराज एम.जे. की शिकायत पर नॉर्थ CEN पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) व 353(1)(b) के तहत कार्रवाई की है।

ईमेल से जुड़े IP एड्रेस का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी वास्तविक है या नहीं। मामले की जांच जारी है। 

दिलजीत के कॉन्सर्ट को पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

दिलजीत दोसांझ के भारत दौरे के दौरान धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय में संभावित आत्मघाती हमले की चेतावनी वाला ईमेल भेजे जाने की खबर सामने आई थी।

15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले भी मेयर कार्यालय, निजी स्कूलों और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच को बम धमकी मिली थी।वहीं, अहमदाबाद में दिलजीत के कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 2,000 पुलिसकर्मी और 1,500 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे। फिलहाल बेंगलुरु कॉन्सर्ट को रद्द या स्थगित करने की कोई घोषणा नहीं हुई है। पुलिस जांच के बीच NICE ग्राउंड्स और मडावरा मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने की संभावना है।