Breaking News

नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने आरोपी की 7 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी     |   श्रीलंका में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का ऐलान हुआ     |   डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी को 24 सिंतबर को अमेरिका आने का न्योता दिया     |   दिल्ली: ‘कोई भी मंत्री 1 साल विदेश नहीं जाएगा’, PM की अपील के बाद CM रेखा का फैसला     |   चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के तहत SIR का आदेश जारी किया     |  

गोल्डी बराड़ के माता-पिता गिरफ्तार, 2 साल पहले मांगी थी रंगदारी

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 2024 के कुछ अपराधिक मामलों को लेकर पंजाब पुलिस ने ये कार्रवाई की है. परिजनों के ऊपर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के संगीन आरोप थे. इस मामले को लेकर 2024 में एक मुकदमा भी दर्ज हुआ था. पुलिस के मुताबिक, श्री मुक्तसर साहिब के कोटकपूरा रोड पर आदेश नगर के रहने वाले शमशेर सिंह और उनकी पत्नी प्रीतपाल कौर को 3 दिसंबर, 2024 की FIR नंबर 233 के सिलसिले में पकड़ा गया है. 

इस मामले में शिकायतकर्ता सतनाम सिंह ने अपने बयान में कहा है कि 27 नवंबर 2024 को सुबह उनको एक व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई थी. कॉल करने वाले शख्स ने अपनी पहचान की पुष्टि करते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. इस मामले में आगे की जांच चल रही है.  वहीं गैंगस्टर की क्राइम कुंडली बताएं तो गोल्डी बराड़ पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप है. गौरतलब है कि मूसेवाला की साल 2022 में पंजाब के मानसा जिले में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बराड़ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ मिलकर ये हत्या, कथित तौर पर यूथ अकाली लीडर विक्की मिद्दुखेड़ा की हत्या का बदला लेने के लिए कराई थी. बताया जाता है कि उसने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस अपराध की जिम्मेदारी भी अपने सर ली थी. 

पंजाब का रहने वाला बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीज़ा पर कनाडा चला गया था और उस पर वहां से रंगदारी और फिरौती मांगने के साथ कॉन्ट्रैक्ट किलिंग ऑपरेशन चलाने का आरोप है. मई 2023 में, कनाडा की पुलिस ने उसे अपनी टॉप 25 वांटेड लिस्ट में जगह दी थी. वो हत्या समेत कई गंभीर अपराधों का आरोपी है. जो विदेश से बैठकर अपने अपराध की दुकान चला रहा है. भारत सरकार ने गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) एक्ट के शेड्यूल के तहत आतंकी घोषित किया है.