छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय मंत्रिमंडल का विस्तार आज होगा। हालांकि, पार्टी ने मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायकों के नाम या संख्या का खुलासा नहीं किया है। राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ में पिछली सरकार तक राज्य में मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्री रहे हैं। वर्तमान में मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत 11 सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ "हरियाणा मॉडल" अपना सकता है, जहां 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री होते हैं। यदि ऐसा होता है, तब बीजेपी के तीन और विधायकों के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है, जिससे मंत्रिमंडल की संख्या 14 हो जाएगी।
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, किसी राज्य के मंत्रिपरिषद का आकार विधानसभा की कुल संख्या के 15 प्रतिशत से ज्यादा नहीं हो सकता है, जिनमें मुख्यमंत्री भी शामिल होते हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा वाले छत्तीसगढ़ में ये सीमा 13.5 है, जिससे 14 कैबिनेट सदस्यों के लिए जगह बनती है। मंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल हैं। दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव ओबीसी समाज से आते हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हैं।
सतनामी समाज के नेता बलदास साहेब के पुत्र गुरु खुशवंत साहेब आरंग निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। अनुसूचित जाति में बहुसंख्यक आबादी वाला सतनामी समाज, छत्तीसगढ़ की आबादी का लगभग 13 फीसदी है और इसे एक अहम वोट बैंक माना जाता है। अंबिकापुर से विधायक राजेश अग्रवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंह देव को हराया था। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 54 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) को एक सीट मिली।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपमुख्यमंत्रियों अरुण साव और विजय शर्मा के साथ 13 दिसंबर, 2023 को शपथ ली थी। उसी महीने में बाद में नौ मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। इनमें से बृजमोहन अग्रवाल ने पिछले साल रायपुर सीट से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल का विस्तार आज, तीन बीजेपी विधायकों के शपथ लेने की संभावना
You may also like
CM नीतीश कुमार ने PMCH के पुनर्विकास व निर्माणाधीन कार्य का किया निरीक्षण.
रामपुर में सस्ते iPhone के नाम पर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार.
प्रसिद्ध यात्रा लेखक पद्मश्री ह्यू गैंटजर का निधन, 94 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस.
दो-दिवसीय यात्रा पर मलेशिया जाएंगे पीएम मोदी, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना मकसद.