आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान समारोह में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आए। उन्होंने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही बच्चियों का अन्नप्राशन कर उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय के चेक भी सौंपे। इसके अलावा प्रतीक स्वरूप आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ियां प्रदान कीं।
प्रदेश की 2,51,162 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से 29.11 करोड़ रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने मंच से प्रतीक स्वरूप चार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी प्रदान की। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्री नीलम यादव और ममता पांडेय तथा आंगनबाड़ी सहायिका अर्चना मिश्रा और सोनी साहू शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इसके साथ ही बढ़े हुए मानदेय के चेक देकर उन्हें नई व्यवस्था का लाभ दिया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
इस बुक में विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश में कुपोषण को दूर करने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों के साथ इस लघु फिल्म को देखा।