Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

26 जनवरी तक हर पांचवें दिन होगा नियुक्ति पत्र वितरण, सीएम योगी बोले- एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों में भर्ती का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 26 जनवरी तक सरकारी नौकरी देने का अभियान जारी रहेगा। हर महीने औसतन हर पांचवें दिन एक बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का है।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार की नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और भर्ती आयोगों की कार्यप्रणाली ईमानदार हो तो युवाओं को अपने ही प्रदेश में प्रतिभा के अनुसार अवसर मिलते हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपने काम में ईमानदारी और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखें।

2017 से पहले भर्ती में चलता था सैफई सिंडिकेट: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया सिफारिश और लेनदेन से प्रभावित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती आयोग और बोर्ड बंधक बने हुए थे और प्रदेश में सैफई सिंडिकेट काम करता था।

सीएम योगी ने फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर चला जाता था। इससे मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने कहा कि पैसे देकर नौकरी पाने वाला और मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने वाला, दोनों ही इस व्यवस्था में ठगे जाते थे।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और लूटतंत्र ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था।

अखिलेश यादव पर तंज, शिवपाल को ट्यूटर रखने की दी सलाह

विपक्ष पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब सरकार नियुक्ति पत्र बांट रही होती है, तब विपक्ष के नेता सो रहे होते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लेना चाहिए, क्योंकि उन्हें काउंटिंग का पुराना अभ्यास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कई विभागों में नियुक्तियां होनी बाकी हैं। सरकार की कोशिश है कि तीसरी पारी शुरू होने से पहले इन विभागों में भी नियुक्ति पत्र वितरित कर दिए जाएं।

9.5 लाख युवाओं को मिल चुकी है सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा है।

सीएम योगी के मुताबिक, राजस्व विभाग में पहले 10,836 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। बुधवार को 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा 7,994 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी होने जा रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में अब तक 2.30 लाख से अधिक नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं। 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है और उनका सत्यापन चल रहा है। वहीं, 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती भी अंतिम चरण में है।

राजस्व के 37 लाख से अधिक मामलों का हुआ निस्तारण

राजस्व विभाग में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के समय प्रदेश में 34 लाख राजस्व वाद लंबित थे। अब तक राजस्व न्यायालयों के माध्यम से 37,81,363 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। औसतन हर महीने करीब 3.78 लाख मामलों का समाधान हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जमीन की पैमाइश के लिए पारंपरिक जरीब की जगह रोवर तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। जून में करीब 70 हजार पैमाइश पूरी की गईं और इसके लिए सरकार ने 445 रोवर मशीनें खरीदी हैं।

किसान और बटाईदार परिवारों को भी दुर्घटना में मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत किए गए बदलावों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता था, जिनके नाम पर खेती की जमीन दर्ज थी। अब खेतिहर मजदूरों, बटाईदारों और उनके परिवारों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है।

सीएम ने बताया कि अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को योजना का लाभ दिया जा चुका है। विभिन्न जिलों में कुल 5,833 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।

10 अभ्यर्थियों को मंच पर सौंपे नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 10 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। इनमें गोरखपुर की अंकिता सिंह, आगरा की आशिया बानो, सीतापुर के विवेक सिंह, आजमगढ़ के राजेश सरोज, पीलीभीत के धीरज कुमार, सहारनपुर की पारुल, चित्रकूट धाम के राजेश कुमार, वाराणसी के विनीत कुमार यादव, लखनऊ के आदर्श शुक्ला और अयोध्या के प्रिंस सिंह शामिल रहे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत अलग-अलग जिलों की 10 महिला लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे गए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राजस्व विभाग के राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य लाल जी प्रसाद निर्मल, रामचन्द्र प्रधान सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।