उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भैया दूज का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय की मेहनत के बाद सरकारी नौकरी मिलने पर अभ्यर्थियों ने खुशी जाहिर की और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत अलग-अलग जिलों की लाभार्थी महिलाओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे।
तीन साल की मेहनत के बाद पूरा हुआ सरकारी नौकरी का सपना
सीतापुर के विवेक सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हुई और उन्हें बिना किसी परेशानी के नियुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि भैया दूज के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। नौकरी मिलने से उनका पूरा परिवार खुश है।
वहीं, गोरखपुर की अंकिता सिंह ने कहा कि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को इस भर्ती में सफलता मिली है। तीन साल की तैयारी के बाद उनका सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने भी निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
आशिया बानो को योगी सरकार में दूसरी बार मिली सरकारी नौकरी
आगरा की आशिया बानो के लिए यह नियुक्ति खास रही। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वह राजस्व लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं और अब कनिष्ठ सहायक के पद पर भी उनका चयन हुआ है। योगी सरकार के कार्यकाल में उन्हें दूसरी बार सरकारी नौकरी मिली है।
आशिया बानो ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने इसे एक अप्रत्याशित और सुखद अनुभव बताया।
इसी तरह पीलीभीत के धीरज कुमार ने बताया कि पांच साल की मेहनत के बाद उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में केवल फॉर्म भरने के अलावा कोई अतिरिक्त खर्च नहीं हुआ और न ही किसी तरह का भ्रष्टाचार देखने को मिला।
कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक सहारा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए। इस सहायता से उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिन्होंने दुर्घटना में अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया है। रायबरेली की पूनम को पांच लाख रुपये की सहायता मिली। उन्होंने बताया कि इस धनराशि से वह अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार का खर्च चला सकेंगी।
लाभार्थी गुड्डी देवी ने कहा कि आर्थिक सहायता से परिवार का पालन-पोषण करने और बच्चों की शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी। वहीं, रमाकांती पांडेय ने बताया कि परिवार में कमाने वाला कोई नहीं था। ऐसे में पांच लाख रुपये की सहायता उनके लिए बड़ा सहारा है। इससे वह घर चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई भी जारी रख सकेंगी।
अमेठी की सीमा ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस आर्थिक मदद से वह अपने बच्चों का भविष्य संवार सकेंगी। इस तरह भैया दूज के अवसर पर एक ओर युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा मिला, वहीं दूसरी ओर दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के जरिए नई उम्मीद मिली।