Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

सनातन विरोधी अखिलेश को सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक की चिंता: मंत्री धर्मपाल सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों धर्मपाल सिंह और दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव को 6 दिसंबर को अयोध्या जाकर कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगने की नसीहत दी। वहीं, मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा के PDA पर तंज कसते हुए इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी को भारतीय सभ्यता, आस्था और त्योहारों से कोई लेना-देना नहीं है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव को दीपावली पर ईद याद आती है और उन्हें सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक की चिंता रहती है। उन्होंने कहा कि जनता सपा की राजनीति समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

‘भाजपा का PDA असली, 2027 में फिर बनेगी सरकार’

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव का PDA खत्म हो चुका है। उन्होंने भाजपा के PDA का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में पहली बार, 2022 में दूसरी बार और 2027 में तीसरी बार एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी।

उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को गति दी है। पिछले पांच साल में प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार मिला है और किसानों की आमदनी भी दोगुनी हुई है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरक्की देखकर अखिलेश यादव बौखला गए हैं और उन्हें 2027 में अपनी हार नजर आ रही है।

‘PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को खुद PDA की परिभाषा नहीं पता और वह राजनीतिक लाभ के लिए समय-समय पर इसका अर्थ बदलते रहते हैं।

दयाशंकर सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि पूरे देश को पता है कि अखिलेश के PDA का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव की तुलना भगवान से करके सनातन धर्म का अपमान किया है।

दोनों मंत्रियों ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह सनातन धर्म की मजबूती से घबराए हुए हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रियों के इन बयानों से प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।