Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

शिकोहाबाद में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट से पांच लोगों की मौत, 11 घायल

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पटाखा गोदाम और फैक्टरी में अचानक विस्फोट होने से दो बच्चों और एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। घटना शिकोहाबाद थाने के नौशहरा इलाके में सोमवार रात को हुई।

शिकोहाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण तिवारी ने पीटीआई वीडियो को बताया, ‘‘पटाखा गोदाम और फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं।’’ जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मीरा देवी (45), अमन (20), गौतम कुशवाहा (18), कुमारी इच्छा (तीन) और अभिनय (दो) के रूप में हुई है। इच्छा और अभिनय भाई-बहन हैं।

मंगलवार को मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की और कहा कि जब तक राज्य सरकार उन्हें मुआवजा नहीं देती, तब तक मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। बाद में, शिकोहाबाद के समाजवादी पार्टी के विधायक मुकेश वर्मा ने कहा कि परिवार के सदस्य अंततः इस आश्वासन के बाद सहमत हुए कि उन्हें जल्द ही मुआवजा दिया जाएगा।

सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन दल के अधिकारियों ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। शिकोहाबाद के उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।