Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

हमीरपुर में बीजेपी की रैली, अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जनसंपर्क मार्च निकाला। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। मार्च से पहले कुमार पैलेस में संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन भी आयोजित किया गया।

सम्मेलन में बीजेपी हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और हमीरपुर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हुए। इसमें हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, देहरा और धर्मपुर समेत कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के बाद कुमार पैलेस से गांधी चौक तक मार्च निकाला गया।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनावी नतीजों का सम्मान करना चाहिए।

ठाकुर ने बिहार और केरल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस से ईवीएम को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनावों में कांग्रेस की छात्र इकाई के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया।

दिल्ली में कांग्रेस की रैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भीड़ जुटाने के दावों और वास्तविक उपस्थिति में अंतर था। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के राजनीतिक दावों को जनता के सामने रखने की अपील की।

राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर देश के हितों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, रणनीतिक और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्षी दल संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।

बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने सरकार के चार साल के कार्यकाल को लेकर महिला विरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से उसके चुनावी वादों का हिसाब मांग रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीजेपी में पांच गुट होने वाले बयान पर पलटवार करते हुए बिंदल ने उन्हें पहले अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने दावा किया कि अगर आज हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होते हैं तो बीजेपी सभी 68 सीटों पर जीत हासिल करेगी।